प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

लगातार तीसरे दिन गिरा भारतीय शेयर बाजार

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन बिकवाली जारी

भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली, कच्चे तेल के भाव में उछाल और रुपये की कमजोरी के कारण मुनाफावसूली का दबाव आज भी देखने को मिला।

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन बिकवाली जारी

Selling continues in the stock market for the third consecutive day |

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली, कच्चे तेल के भाव में उछाल और रुपये की कमजोरी के कारण मुनाफावसूली का दबाव आज भी देखने को मिला। साथ ही भारत-अमेरिका ट्रेड डील में देरी को लेकर बनी चिंताएं बाजार पर हावी रहीं। नतीजा ये हुआ कि शेयर मार्केट लगातार तीसरे दिन गिरकर बंद हुए। निफ्टी आज 25,900 से नीचे बंद हुआ है।

सेंसेक्स में 120.21 अंकों की गिरावट, निफ्टी 25,900 से नीचे हुआ बंद

बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) आज 120.21 प्वाइंट्स यानी 0.14% की फिसलन के साथ 84,559.65 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 41.55 प्वाइंट्स यानी 0.16% की गिरावट के साथ 25,818.55 पर बंद हुआ है। मिड और स्मॉल-कैप सेगमेंट में गिरावट ज़्यादा रही। BSE मिडकैप इंडेक्स 0.53 फीसदी नीचे बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 0.85 फीसदी गिरा। PSU बैंक इंडेक्स में 1.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि मीडिया इंडेक्स में 1.5 फीसदी की गिरावट आई, जबकि प्राइवेट बैंक, रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, FMCG, हेल्थकेयर में प्रत्येक में 0.5 फीसदी की गिरावट आई।

FIIs ने बेचे 2,381.92 करोड़ रुपये के शेयर, DIIs ने की 1,077.48 करोड़ की खरीददारी 

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 2,381.92 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,077.48 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। आज BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप ₹1.6 लाख करोड़ घट गया है यानी निवेश दौलत ₹1.6 लाख करोड़ कम हुई है।

रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप के बाद रूपयें की गिरावट में लगा ब्रेक

रूपयें की गिरावट में रिजर्व बैंक के प्रभावी हस्तक्षेप के बाद आज कुछ ब्रेक लगा। रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर से 55 पैसे की रिकवरी करते हुए अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.38 (अस्थायी) पर बंद हुआ। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड में 2.12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 60.17 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

निफ्टी को नीचे खींचने में बैंकिंग और बड़े फाइनेंस शेयरों की भूमिका रही अहम

शेयर मार्केट में फाइनेंशियल शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव दिखा। निफ्टी को नीचे खींचने में बैंकिंग और बड़े फाइनेंस शेयरों की अहम भूमिका रही। इसके साथ ही Mahindra & Mahindra और Larsen & Toubro जैसे भारी-भरकम शेयरों में कमजोरी भी इंडेक्स पर भारी पड़ी। बैंकिंग स्पेस में Indian Overseas Bank का शेयर 6 फीसदी से ज्यादा टूट गया, क्योंकि सरकार ने OFS के जरिए 3 फीसदी हिस्सेदारी बेचने का फैसला किया है। इसके उलट, कमजोर बाजार में भी PSU बैंक इंडेक्स हरे निशान में बंद हुआ और Canara Bank 2 फीसदी से ज्यादा चढ़ा।

श्रीराम फाइनेंस, SBI, आइशर मोटर्स, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, विप्रो निफ्टी पर टॉप गेनरों में शामिल रहे। जबकि लूजर में मैक्स हेल्थकेयर, SBI लाइफ इंश्योरेंस, HDFC लाइफ, ट्रेंट, अपोलो हॉस्पिटल्स शामिल रहे।

रिकॉर्ड हाई पर पहुंची चांदी की कीमत, करीब 2 फीसदी चढ़ा Hindustan Zinc का शेयर

कमोडिटी फ्रंट पर चांदी की कीमत रिकॉर्ड हाई पर पहुंची, जिसका फायदा Hindustan Zinc को मिला और शेयर करीब 2 फीसदी मजबूत हुआ। कॉरपोरेट एक्शन में Shriram Finance के शेयर 2 फीसदी चढ़े, क्योंकि कंपनी का बोर्ड 19 दिसंबर को फंड जुटाने पर विचार करेगा। वहीं, Akzo Nobel India में बड़ा झटका लगा और शेयर करीब 14 फीसदी टूट गया, जब 51.9 लाख शेयर ब्लॉक डील के जरिए हाथ बदले। Ola Electric के शेयर करीब 5 फीसदी गिरे।

यह भी पढ़ें: गणना फॉर्म भरने के मामले पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजुमदार ने मुंख्यमंत्री ममता बनर्जी पर साधा निशाना

https://www.primenewsnetwork.in/state/sukanta-majumdar-targeted-cm-mamata-on-the-issue-of-filling-the-census-form/101523

Related to this topic: