मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत बहाल होने और इजरायल व लेबनान के 10 दिन के अस्थायी संघर्ष...
मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत बहाल होने और इजरायल व लेबनान के 10 दिन के अस्थायी संघर्ष विराम पर राजी होने की खबर से भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी दिन तेजी का माहौल देखने को मिला। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान परमाणु हथियार न रखने पर सहमत हो गया है। दोनों देश जल्द ही एक डील फाइनल कर सकते हैं। इस दौरान कच्चे तेल की कीमतों में 3% गिरावट ने भी निवेशकों के भरोसे में इजाफा किया।
शुक्रवार को सुबह बाजार में कारोबार की शुरुआत में निगेटिव नोट में मामूली गिरावट के साथ हुई। लेकिन पॉजिटिव वैश्विक संकेतों से निवेशकों में उत्साह देखने को मिला मार्केट में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली जिससे मार्केट ने जल्दी ही तेजी पकड़ ली।
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बीएसई सेंसेक्स 505 अंक यानी 0.65 फीसदी तेजी के साथ 78,493.54 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 इंडेक्स भी 157 अंक उछलकर 24,343.55 अंक पर पहुंच गया। पिछले सत्र में शेयर बाजार में मामूली गिरावट आई थी। साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स 1.2% और निफ्टी 1.3% चढ़े।
निफ्टी आईटी इंडेक्स 0.02% की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि बाकी सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त में रहे। निफ्टी एफएमसीजी 2.65% की जोरदार तेजी के साथ बंद हुआ। निफ्टी ऑयल एंड गैस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मीडिया और मेटल इंडेक्स में 1% से अधिक की तेजी दर्ज की गई है। निफ्टी बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 0.85% और 0.67% चढ़कर बंद हुए।
मुद्रा बाजार में डालर के मुकाबले भारतीय रूपये मे शुरुआती कारोबार में ही उछाल दिखा और ये 27 पैसे बढ़कर 92.87 पर पहुंच गया। अंत में रुपया 21 पैसे मजबूत होकर 92.93 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
इजरायल-लेबनान युद्धविराम के कारण कच्चा तेल $100 प्रति बैरल से नीचे बना रहा। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में मानक ब्रेंट क्रूड 3.07 प्रतिशत गिरकर 96.34 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया जिससे महंगाई का डर कम हुआ है। इससे भी बाजार में तेजी दिखी
हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन निवेशकों की सम्पत्ति में 4,79,102.67 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। शेयर मार्केट में आज की इस तेजी के बीच BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप बढ़कर 4,65,59,417.94 करोड़ रुपये हो गया। गुरुवार, 16 अप्रैल को यह 4,60,80,315.27 करोड़ रुपये था। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 382.36 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जिससे बाजार का माहौल और भी बेहतर हुआ।
कारोबार के दौरान निफ्टी 50 इंडेक्स में 40 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। इनमें हिंदुस्तान यूनिलीवर (4.75%), नेस्ले इंडिया (2.24%), जेएसडब्ल्यू स्टील (2.09%) और अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज (1.93%) टॉप बढ़त वाले शेयर रहे।वहीं, विप्रो (2.83% गिरावट), एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी (2.38% गिरावट) और सन फार्मा (1.04% गिरावट) सबसे ज्यादा नुकसान वाले शेयर रहे।
इसी प्रकार सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक महिंद्रा और टाइटन के शेयर बढ़कर बंद हुए। इसके विपरीत, सन फार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो और एचसीएल टेक पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल रहीं।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/noida-violence-pakistan-link-exposed/175048