मुंबई। अमेरिका–ईरान न्यूक्लियर वार्ता और अमेरिका में नौकरियों की कमी के आंकड़ों के कारण भारतीय शेयर बाजार बुधवार को...
मुंबई। अमेरिका–ईरान न्यूक्लियर वार्ता और अमेरिका में नौकरियों की कमी के आंकड़ों के कारण भारतीय शेयर बाजार बुधवार को भी सहमा नजर आया। इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में उतार चढ़ाव और ग्लोबल संकेतों के नकारात्मक होने की वजह से शेयर मार्केट में उठापटक देखने को मिली। बाजार में सुबह के सत्र में शुरुआत तेजी के साथ हुई, लेकिन दोपहर तक मुनाफावसूली हावी हो गई।
बाजार अपनी शुरुआती बढ़त को संभाल नहीं पाया और लगभग सपाट बंद हुआ। सेंसेक्स दिन के हाई से 500 अंकों तक तक गिर गया। वहीं निफ्टी गिरकर 25,400 के पास आ गया।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 27.46 अंक या 0.03% गिरकर 82,248.61 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 14.05 अंक या 0.06% की मामूली बढ़त के साथ 25,496.55 पर बंद हुआ। इंट्रा डे में सेंसेक्स 25,572.95 के हाई और 25,400.95 के लो के बाद 25,496.55 पर बंद हुआ।
मुद्रा बाजार में डालर के मुकाबले भारतीय रुपया छह पैसे की बढ़त के साथ 90.85 पर पहुंच गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड में 0.95 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 70.18 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
सेक्टोरल मोर्चे पर ऑटो, फार्मा, ऑयल एंड गैस, PSU बैंक, टेलीकॉम और मेटल शेयरों में 0.4% से 1% तक की बढ़त देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर मीडिया इंडेक्स 0.7% गिरकर बंद हुआ। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.6% चढ़ा, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग सपाट रहा।
शेयर बाजार की फ्लैट क्लोजिंग के बावजूद निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.08 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 468.46 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 467.38 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 1.08 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,991.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। दूसरी तरफ घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी 5,118.57 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,356 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,170 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,030 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 156 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 109 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 258 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
शेयर मार्केट में सूचीबद्ध बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों में 2.21 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद अदाणी पोर्ट्स, सन फार्मा, मारुति सुजुकी और भारती एयरटेल के शेयर 0.78 फीसदी से लेकर 1.45 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी ट्रेंट का शेयर 1.61 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। इसके अलावा इटरनल , पावरग्रिड, एचडीएफसी बैंक और एशियन पेंट्स के शेयरों में 0.82 फीसदी से लेकर 1.54 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/controversy-over-himangi-sakhi-title/145974