भारतीय शेयर बाजार में कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और चुनिंदा सेक्टर्स में मुनाफावसूली के चलते बाजार का सेंटीमेंट कमजोर बना रहा।
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में कारोबारी सप्ताह के पांचवें और आखिरी दिन शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और चुनिंदा सेक्टर्स में मुनाफावसूली के चलते बाजार का सेंटीमेंट कमजोर बना रहा। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों ही लाल निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स 367 अंक गिरा, निफ्टी 26050 के नीचे बंद हुआ
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 367.25 अंकों यानि कि 0.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 85,041.45 के स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 99.80 अंकों यानि कि 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26,042.30 के स्तर पर बंद हुआ। BSE मिडकैप इंडेक्स 0.18% कमजोर हुए, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.34% की गिरावट देखने को मिली।
मेटल और कमोडिटी को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए। सबसे अधिक गिरावट आईटी, टेलीकॉम और ऑटो शेयरों में देखने को मिली। बैकिंग, केपिटल गुड्स और फार्मा शेयर भी दबाव में रहे। हालांकि डिफेंस और रेलवे सेक्टर के शेयरों में आज तेजी रही।
BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप ₹475 लाख करोड़ से घटकर हुआ लगभग ₹474 लाख करोड़
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइज़ेशन पिछले सेशन के ₹475 लाख करोड़ से घटकर लगभग ₹474 लाख करोड़ हो गया, जिससे निवेशकों को एक ही सेशन में लगभग ₹1 लाख करोड़ का नुकसान हुआ।
कारोबार के अंत में निफ्टी की कंपनियों में एशियन पेंट, श्रीराम फाइनेंस, बजाज फाइनेंस, टीसीएस और टेक महिन्द्रा के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर टाइटन, हिन्डाल्को, नेस्ले इंडिया, एनटीपीसी और सिप्ला के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 6 शेयर बढ़त के साथ हुए बंद
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 6 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाइटन (Titan) के शेयरों में 2.13 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद एनटीपीसी (NTPC), एक्सिस बैंक (Axis Bank), अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) और हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) के शेयर 0.12 फीसदी से लेकर 0.45 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी 24 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) का शेयर 1.48 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं एशियन पेंट्स (Asian Paints), एचसीएल टेक (HCL Tech), टीसीएस (TCS) और इटरनल (Eternal) के शेयरों में 1.12 फीसदी से लेकर 1.41 फीसदी तक की गिरावट रही।
भारतीय रुपये में हुई 7 पैसे की गिरावट
भारतीय रुपये में शुक्रवार को पिछली बंदी के मुकाबले 7 पैसे की गिरावट देखने को मिली। रूपया 89.85 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 89.94 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, बीते बुधवार की सुबह रुपया 89.54 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 89.78 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
शेयर बाजार में सुबह गिरावट के साथ हुई थी शुरुआत
क्रिसमस की बंदी के बाद खुले शेयर बाजार में शुक्रवार सुबह की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। इस दौरान सेंसेक्स 139 अंकों यानि कि 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 85,269 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 25.45 अंकों यानि कि 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26,116 के स्तर पर खुला था। बुधवार को सेंसेक्स 116.14 अंक गिरकर 85,408.70 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 35.05 अंक गिरकर 26,142.10 पर बंद हुआ था।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/shubhendu-adhikari-demands-bangladesh-govt-to-stop-atrocities-against-hindus/102618
शुभेंदु अधिकारी बांग्लादेश सरकार से की हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को तुरत बंद करने की मांग