अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध समाप्ति को लेकर दूसरे दौर की बातचीत शुरू होने और मिडिल ईस्ट में शांति की बहाली की उम्मीद के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को बिकवाली लौटती दिखी।
मुंबई। अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध समाप्ति को लेकर दूसरे दौर की बातचीत शुरू होने और मिडिल ईस्ट में शांति की बहाली की उम्मीद के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को बिकवाली लौटती दिखी। स्टॉक मार्केट में आज दिन की शुरूआत तेजी से हुई और सेंसेक्स व निफ्टी ने शानदार छलांग लगाई। लगा कि बाजार में खरीदारी से हरियाली आयेगी। हालांकि, जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, बाजार की कहानी बदलने लगी। ऊपरी स्तरों पर बिकवाली शुरू हुई और शेयर रंगत खोते चले गये।
मामूली गिरावट के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी
गुरुवार को उतार-चढ़ाव के बाद कारोबार के अंत में भारतीय इक्विटी इंडेक्स मामूली नुकसान के साथ बंद हुए। बाजार बंद होने पर सेंसेक्स 122.56 अंक या 0.16 प्रतिशत गिरकर 77,988.68 पर और निफ्टी 34.55 अंक या 0.14 प्रतिशत गिरकर 24,196.75 पर बंद हुआ। मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में गुरुवार को 18 पैसे की मजबूती दिखी। भारतीय रुपया 93.37 के पिछले बंद भाव के मुकाबले 18 पैसे बढ़कर 93.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
ब्रेंट क्रूड की कीमतें बढ़ीं, रुपये में मामूली सुधार
गुरुवार को ब्रेंट क्रूड वायदा की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। यह 95 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गईं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 96.32 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई, जो पिछले दिन से 1.46% अधिक है। हालांकि पिछले एक महीने में ब्रेंट की कीमत में 6.86% की गिरावट आई है। अच्छी बात ये है कि कच्चे तेल की कीमत 100 डालर के नीचे बनी हुई है।
आईटी और मेटल में चमक, बैंकिंग और ऑटो में सुस्ती
मार्केट को सेक्टोरल स्तर पर देखें तो आईटी, कैपिटल गुड्स और मेटल इंडेक्स में करीब 1-1% की बढ़त देखने को मिली। छोटे और मझोले शेयरों में आज भी तेजी जारी रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में करीब 0.6% की बढ़त दर्ज की गई, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग 1% चढ़कर बंद हुआ। लेकिन ऑटो, बैंकिंग और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
डे-हाई से बुरी तरह फिसला बाजार
गुरुवार को कारोबारी सत्र के दौरान सूचकांक में 1,055.39 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया। सुबह के कारोबार के समय सेंसेक्स 78,730.32 के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि उच्च स्तर पर मुनाफावसूली के कारण सूचकांक गिरकर 77,674.93 के निचले स्तर पर आ गया। यानी डे हाई से संसेक्स 1002 अंक टूटा। निफ्टी भी डे हाई के स्तर 24400 से फिसलकर 24125 पर आ गया है। इसमें अभी 105 अंकों का नुकसान है। यह डे हाई से 275 अंक लुढ़का।
मार्केट कैप में 2.28 लाख करोड़ की बढ़ोतरी
शेयर मार्केट में गिरावट केे बावजूद निवेशकों की सम्पत्ति में करीब 2.28 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 460.83 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 458.55 लाख करोड़ रुपये रहा था।
बीएसई पर बढ़त में शेयरों की संख्या अधिक
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कुल 4,449 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर 2,809 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। जबकि 1,538 शेयरों में गिरावट देखी गई। 147 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 163 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 22 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
ट्रेंट और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में रही सबसे ज्यादा रौनक
स्टॉक मार्केट में लगभग सपाट कारोबार में बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 14 शेयरों में आज बढ़त देखने को मिली। इसमें ट्रेंट के शेयरों में 2.81 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद अदाणी पोर्ट्स, इटरनल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इंफोसिस के शेयर 1.05 फीसदी से लेकर 2.54 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
एचडीएफसी बैंक और टाइटन ने बाजार पर बनाया दबाव
कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 16 शेयरों में गिरावट रही। एचडीएफसी बैंक का शेयर 1.75 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में 0.75 फीसदी से लेकर 1.45 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/wheat-procurement-plummets-69-as-unseasonal-rains-hit-harvest/174909
बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि की मार, सरकारी गेहूं खरीद में 69% की भारी गिरावट