अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ईरान के साथ मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध जल्द समाप्त होने की संभावना जताने से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट आयी है।
मुंबई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ईरान के साथ मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध जल्द समाप्त होने की संभावना जताने से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट आयी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति की उम्मीदों से दुनिया भर के शेयर बाजारों में तेजी का माहौल रहा। एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक 5.35 प्रतिशत की तीव्र उछाल के साथ बढ़ा, जबकि जापान का निक्केई 225 सूचकांक 2.88 प्रतिशत की तेजी से ऊपर चढ़ा। शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक भी सकारात्मक स्तर पर बंद हुए। यूरोप के बाजारों में भारी तेजी देखी गई। सोमवार को अमेरिकी बाजार में तेजी के साथ कारोबार समाप्त हुआ।
रुपये में मजबूती से भारतीय बाजार को मिला सहारा
इसके अलावा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में हुए सुधार से भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को अच्छी तेजी देखी गयी। भारतीय रुपया अपने रिकॉर्ड निचले स्तर से मजबूत होकर 36 पैसे बढ़कर की बढ़त के साथ 91.85 (अस्थायी) पर बंद हुआ। इन पॉजिटिव संकतों से भारतीय शेयर मार्केट में निफ्टी की वीकली एक्सपायरी के दिन आज सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) ग्रीन जोन में बंद हुए। शेयर बाजार में कारोबार के अंत में सेंसेक्स (Sensex) 639.82 प्वाइंट्स यानी 0.82% के उछाल के साथ 78,205.98 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 233.55 प्वाइंट्स यानी 0.97% के उछाल के साथ 24,261.60 पर बंद हुआ है।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में ज्यादा तेजी
स्टाक एक्सचेंज में कारोबार के दौरान लार्जकैप शेयरों की तुलना में छोटे और मझोले शेयों में ज्यादा तेजी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में करीब 1.6 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग 2 प्रतिशत तक चढ़ गए। सेक्टोरल स्तर पर भी बाजार में पॉजिटिव रुख देखने को मिला। आईटी और ऑयल एंड गैस सेक्टर को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर हरे निशान में बंद हुए। ऑटो इंडेक्स में करीब 3 प्रतिशत की सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स 2.6 प्रतिशत और पीएसयू बैंक इंडेक्स लगभग 2.2 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ।
निवेशकों की संपत्ति में करीब 8.49 लाख करोड़ इजाफा
मंगलवार को बाजार में लौटी तेजी से निवेशकों की संपत्ति में करीब 8.49 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 447.53 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 441.10 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 8.49 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है।
BSE में ज्यादातर शेयर हरे निशान में बंद
शेयर बाजार में सूचीबद्ध कुल 4,420 शेयरों में आज कारोबार हुआ। इस दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। कारोबार में 3,109 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,172 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 139 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 65 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 237 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
सेंसेक्स में महिंद्रा एंड महिंद्रा समेत कई दिग्गज शेयरों में बढ़त
बीएसई सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 में से 24 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में 3.67 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद इंडिगो, मारुति सुजुकी, आईसीआईसीआई बैंक और एशियन पेंट्स के शेयर 2.70 फीसदी से लेकर 3.21 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
कुछ दिग्गज शेयरों में गिरावट, इटरनल टॉप लूजर
बाजार में लौटी तेजी के बावजूद सेंसेक्स के बाकी 6 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी इटरनल का शेयर 1.50 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं इंफोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और टीसीएस के शेयरों में 0.57 फीसदी से लेकर 1.43 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/sports/matthew-hayden-becomes-gujarat-titans-new-batting-coach/148432
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मैथ्यू हेडन बने गुजरात टाइटन्स के नए बैटिंग कोच