प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

साप्ताहिक कारोबार का अंत

शेयर बाजार में हरे निशान पर क्लोजिंग: सेंसेक्स 308 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,050 के पार; IT-फर्मा शेयरों में चमक

भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 308 अंक और निफ्टी 116 अंकों की तेजी के साथ हरे निशान पर बंद हुए। IT और फार्मा शेयरों ने बाजार को संभाला।

शेयर बाजार में हरे निशान पर क्लोजिंग सेंसेक्स 308 अंक चढ़ा निफ्टी 23050 के पार it-फर्मा शेयरों में चमक

Representative Image |

मुंबई (महाराष्ट्र)। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। IT और फार्मा सेक्टर की जोरदार लिवाली के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बेंचमार्क इंडेक्स करीब 0.5 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद होने में कामयाब रहे।

बाजार के प्रमुख आंकड़े और चाल

समीक्षाधीन सत्र में निफ्टी 50 इंडेक्स 116.35 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,053.10 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 308.49 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की बढ़त लेते हुए 74,459.53 पर बंद हुआ। हालांकि, ब्रॉडर मार्केट में सुस्त भागीदारी और कई दिग्गज सेक्टोरल सूचकांकों में बिकवाली के कारण बाजार की यह तेजी कुछ हद तक सीमित जरूर रही।

किन शेयरों में रही चमक, कहां रही गिरावट?

एनएसई (NSE) पर सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो 'निफ्टी आईटी' (Nifty IT) सबसे आगे रहा और इसमें 2.16 प्रतिशत का उछाल आया। इसके बाद 'निफ्टी फार्मा' 1.67 प्रतिशत और 'निफ्टी हेल्थकेयर' 1.59 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए। इसके विपरीत, ऑटो, एफएमसीजी, मीडिया, मेटल, पीएसयू बैंक और रियल्टी सेक्टर लाल निशान में बंद हुए। ट्रेंट, इंडिगो, इंफोसिस, सन फार्मा और एचसीएल टेक टॉप गेनर्स रहे, जबकि श्रीराम फाइनेंस, अडानी पोर्ट्स और एसबीआई प्रमुख नुकसान उठाने वाले शेयरों में शामिल रहे।

एक्सपर्ट्स की क्या है राय?

पीएल कैपिटल के चीफ बिजनेस Officer (एडवाइजरी एंड डीलिंग) विक्रम कसाट का कहना है, "मिडल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ब्रेंट क्रूड का 115 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहना भारत के आयात बिल, महंगाई और करेंसी के लिए एक बड़ी चिंता है।"

वहीं, ब्रिकवर्क रेटिंग्स के रिसर्च हेड राजीव शरण ने बताया कि वैश्विक बॉन्ड यील्ड में नरमी और डॉलर इंडेक्स के फिसलने से शुरुआती कारोबार में रुपये को हल्का सहारा मिला। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और विदेशी निवेशकों की बिकवाली अभी भी घरेलू बाजार के लिए चुनौती बनी हुई हैं।

कमोडिटी और ग्लोबल मार्केट्स का हाल

कमोडिटी बाजार में ब्रेंट क्रूड 1.95 प्रतिशत की बढ़त के साथ 113 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था। सोने और चांदी की कीमतों में सुस्ती जारी रही और 24 कैरेट सोना गिरकर 1,41,768 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। एशियाई बाजारों में हांगकांग के हैंगसेंग को छोड़कर निक्केई और कोस्पी जैसे प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।
(इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: भारत के रियल एस्टेट में PE निवेश 31% घटा, 85% निवेश घरेलू निवेशकों से आया: रिपोर्ट

Related to this topic: