प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

केन्या में टाटा केमिकल्स पर कार्रवाई

केन्या में टाटा केमिकल्स के कारोबार पर संकट, कंपनी ने कहा- सभी नियमों का कर रहे पालन

केन्या सरकार के मैगाडी संयंत्र से कारोबार समेटने के आदेश के बीच टाटा केमिकल्स ने कहा है कि उसकी अनुषंगी टीसीएमएल सभी नियामकीय आवश्यकताओं का पालन कर रही है और मांगे गए दस्तावेज पहले ही जमा कर चुकी है।

केन्या में टाटा केमिकल्स के कारोबार पर संकट कंपनी ने कहा- सभी नियमों का कर रहे पालन

Tata Chemicals Says It Is Fully Compliant Amid Kenya Operations Dispute |

नयी दिल्ली (भारत)। टाटा केमिकल्स ने शुक्रवार को कहा कि केन्या स्थित उसकी अनुषंगी टाटा केमिकल्स मगाडी लिमिटेड (टीसीएमएल) नियामकीय आवश्यकताओं का पूरी तरह पालन कर रही है और सरकार की ओर से मांगी गई सभी जरूरी सूचनाएं, रिपोर्ट तथा दस्तावेज जमा करा चुकी है।

पुराने मैगाडी सोडा ऐश संयंत्र से बाहर निकलने का आदेश

केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो ने भारतीय कंपनी को दो दशक से संचालित सदी पुराने मैगाडी सोडा ऐश संयंत्र से बाहर निकलने का आदेश दिया। उसके बाद कंपनी ने बयान में यह कहा। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि टीसीएमएल को खनन, समुद्री अर्थव्यवस्था और समुद्री मामलों के मंत्रालय का 28 जुलाई का परिचालन निलंबित करने को लेकर पत्र मिला था। इसके बाद उसने 11 अगस्त को मांगी गई सभी सूचनाएं, रिपोर्ट और दस्तावेज जमा करा दिए। अब वह मंत्रालय द्वारा इन दस्तावेजों की समीक्षा और आगे के निर्देशों का इंतजार कर रही है।

2005 में मगाडी संयंत्र का हुआ था अधिग्रहण

कंपनी ने कहा, ‘‘हम केन्या सरकार के अधिकार का सम्मान करते हैं और लंबित मुद्दों को उचित कानूनी एवं नियामकीय माध्यमों से सुलझाने के लिए रचनात्मक बातचीत जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ कंपनी ने कहा कि उसकी प्राथमिकता कर्मचारियों, मैगाडी समुदाय और केन्या में उससे जुड़े पक्षों का कल्याण तथा देश के निरंतर आर्थिक विकास है। टाटा केमिकल्स ने कहा कि उसने 2005 में मगाडी संयंत्र का अधिग्रहण किया था और तब से यह उसके कारोबार का अभिन्न हिस्सा है।

टाटा के पास 100 साल से खनन अधिकार

यह बयान रूटो के उस आदेश के बाद आया है जिसमें उन्होंने काजियाडो काउंटी के दौरे के दौरान टाटा को लेक मगाडी की खनन स्थल से अपना कारोबार समेटने को कहा था। मीडिया कंपनी ब्लूमबर्ग ने रूटो के हवाले से कहा कि टाटा के पास 100 साल से खनन अधिकार हैं, लेकिन उसने काजियाडो में कुछ नहीं बनाया और वह संसाधन भारत तथा अन्य स्थानों पर ले जाती है। रूटो ने कहा कि सरकार टाटा की जगह दो नई कंपनियों को लाएगी। इनमें एक कांच का कारखाना लगाएगी, जबकि दूसरी रसायनों का उत्पादन करेगी।

केन्या में इस स्थल से 1911 से 'सोडा ऐश' का उत्पादन

राष्ट्रपति की यह टिप्पणी खनन मंत्रालय की ओर से टीसीएमएल को परिचालन निलंबित करने के निर्देश के करीब पांच सप्ताह बाद आई। मंत्रालय ने बकाया खनन शुल्क और अन्य नियामकीय कमियों का हवाला दिया था। काजियाडो के गवर्नर जोसेफ ओले लेंकू ने भी कहा कि टाटा के खनन अधिकार 2023 में समाप्त हो गए थे। केन्या में इस स्थल से 1911 से 'सोडा ऐश' का उत्पादन किया जा रहा है। टाटा केमिकल्स ने 2005 में 'ब्रूनर मोंड लिमिटेड' से इस कारोबार का अधिग्रहण किया था।

नियामकीय आवश्यकताओं का पूरी तरह पालन कर रही टाटा

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, केन्या प्राकृतिक सोडा ऐश का दुनिया का चौथा सबसे बड़ा उत्पादक है और वैश्विक उत्पादन में उसकी हिस्सेदारी करीब एक प्रतिशत है। सोडियम कार्बोनेट के नाम से भी जाना जाने वाला यह रसायन कांच विनिर्माण, सफाई उत्पादों और इलेक्ट्रिक वाहन बैटरियों के निर्माण में इस्तेमाल होता है। टाटा केमिकल्स ने दोहराया कि 11 अगस्त, 2026 को टीसीएमएल ने सरकार की ओर से मांगी गई सभी जरूरी सूचनाएं, रिपोर्ट और दस्तावेज जमा कर दिए और वह नियामकीय आवश्यकताओं का पूरी तरह पालन कर रही है। कंपनी ने कहा कि मंत्रालय की ओर से उठाए गए मुद्दों पर व्यापक जवाब देने के बाद अब वह मंत्रालय की समीक्षा और आगे के निर्देशों का इंतजार कर रही है। (इनपुट: भाषा)

यह भी पढ़ें: चार दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार में लौटी तेजी, सेंसेक्स 363 अंक चढ़ा

Related to this topic: