मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार के सुरक्षा काफिले से जुड़ा एक सड़क हादसा सामने आया है। इस मामले में मुंबई पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में एक ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात जुहू इलाके में एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने पीछे से एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलट गया और सामने चल रही अक्षय कुमार के सुरक्षा काफिले की एक कार से जा टकराया।
दो लोग हुए घायल
इस हादसे में ऑटो चालक समेत दो लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। घायल ऑटो चालक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
आरोपी ड्राइवर की पहचान
पुलिस ने हादसे में शामिल मर्सिडीज कार के ड्राइवर की पहचान राधेश्याम राय के रूप में की है। पुलिस का कहना है कि कार बहुत तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
किन धाराओं में दर्ज हुआ केस
जुहू पुलिस स्टेशन में आरोपी ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) और 125(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वीडियो भी आए सामने
हादसे के बाद घटनास्थल के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इन वीडियो में स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी मिलकर एक घायल व्यक्ति को कार के मलबे से बाहर निकालते नजर आ रहे हैं।
पुलिस कर रही जांच
मुंबई पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हादसे की पूरी वजह की पड़ताल की जा रही है। साथ ही, यह भी देखा जा रहा है कि सुरक्षा काफिले की गाड़ियों के साथ कोई नियम उल्लंघन तो नहीं हुआ।
यह भी पढ़े: एटली दूसरी बार बनेंगे पिता, खुशखबरी
https://www.primenewsnetwork.in/entertainment/atlee-to-become-father-again-shares-joy/105606