मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने गुरुवार रात फिल्म इंडस्ट्री के अपने दोस्तों के लिए शानदार दिवाली पार्टी का आयोजन किया।
मुंबई: मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने गुरुवार रात फिल्म इंडस्ट्री के अपने दोस्तों के लिए शानदार दिवाली पार्टी का आयोजन किया। यह जश्न किसी स्टार-स्टडेड इवेंट से कम नहीं था। पार्टी में कई फिल्मी सितारे खूबसूरत पारंपरिक परिधानों में पहुंचे। इस दौरान बॉलीवुड के पसंदीदा पावर कपल्स में शामिल सैफ अली खान और करीना कपूर खान भी अपने स्टाइलिश अंदाज से चर्चा में रहे। सैफ अली खान और करीना कपूर खान ने मनीष मल्होत्रा के मुंबई स्थित घर के बाहर मौजूद पैपराजी को खुशी-खुशी पोज दिए। दोनों गोल्डन और ब्लैक रंग के परिधानों में एक-दूसरे को कॉम्प्लिमेंट करते नजर आए। करीना ने चमकदार गोल्ड सीक्विन साड़ी पहनी थी, जिसमें उनका ग्लैमरस अंदाज देखने को मिला। वहीं, सैफ अली खान ब्लैक कुर्ते और सफेद पायजामे में नजर आए। दोनों ने अपने क्लासिक और रॉयल लुक से पार्टी में चार चांद लगा दिए। मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी से दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
'कॉफी विद करण 9' में सैफ-करीना ने किए कई खुलासे
कुछ दिन पहले करीना कपूर और सैफ अली खान 'कॉफी विद करण 9' में एक साथ नजर आए थे। इस दौरान दोनों ने अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी से जुड़े कई किस्से साझा किए। शो के होस्ट करण जौहर ने जब सैफ पर हुए चाकू से हमले का जिक्र किया, तो करीना उस डरावनी रात को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि हमले के बाद सैफ को अस्पताल पहुंचाने के लिए उन्हें किस तरह जल्दबाजी में घर से बाहर निकलना पड़ा था। सैफ ने भी उस घटना को याद करते हुए बताया कि करीना उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए वाहन का इंतजाम करने घर से बाहर भागी थीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि करीना उस समय सिर्फ टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहने हुए थीं। करीना ने कहा, "मैं अपनी नाइट टी-शर्ट में थी। किस्मत से किसी ने उसका वीडियो नहीं बनाया। मैं सड़क पर चिल्ला रही थी। मेरे पास पायजामा पहनने तक का समय नहीं था। मैं सड़क पर भागी। यह बात कोई नहीं जानता और मैं पहली बार इसके बारे में बता रही हूं।" उन्होंने आगे बताया कि वह खून से लथपथ सैफ को देखकर घबरा गई थीं और रिक्शा लेने की कोशिश कर रही थीं।
बेटे तैमूर ने पूछा था- क्या अब्बा मरने वाले हैं?
करीना ने उस पल को भी याद किया जब उन्होंने लिफ्ट के अंदर सैफ को गंभीर रूप से घायल देखा था। उनके बेटे तैमूर ने भी यह भयावह दृश्य देखा था। उस समय उसने मासूमियत से पूछा था कि क्या उसके पिता मरने वाले हैं। करीना ने बताया, "जब मैंने लिफ्ट में सैफ को देखा तो मैं सोच रही थी कि सैफ, ऐसा मत करो। तभी टिम ने उन्हें देखकर पूछा, 'अब्बा, क्या तुम मरने वाले हो?' मैंने सैफ की तरफ देखा और उन्होंने मुझसे कहा कि मुझे अस्पताल ले चलो।" सैफ अली खान ने भी हमले की गंभीरता के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा था कि वह ठीक हो जाएंगे। इस घटना को याद करते हुए उन्होंने कहा, "यह चाकुओं के इतिहास का सबसे खराब चाकू था। अगर यह थोड़ा अच्छा चाकू होता, तो मैं मर जाता। लेकिन यह इतना खराब चाकू था कि टूट गया।" बता दें कि जनवरी 2025 में एक घुसपैठिया चोरी के इरादे से सैफ अली खान के घर में घुसा था। बाद में उसकी पहचान मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के रूप में हुई। आरोपी के साथ हुई झड़प में सैफ की रीढ़ की हड्डी के वक्षीय हिस्से और शरीर के अन्य हिस्सों में चाकू से चोटें आई थीं। इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
(एएनआई)
ये भी पढ़ें: बेंगलुरु में सनसनीखेज मामला: परिवार के 7 सदस्यों की हत्या का दावा करने वाला शख्स हिरासत में