अभिनेता कार्तिक आर्यन को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में फिल्म 'चंदू चैंपियन' में शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया।
मुंबई: अभिनेता कार्तिक आर्यन को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में फिल्म 'चंदू चैंपियन' में शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया। उन्होंने यह सम्मान मलयालम सुपरस्टार ममूटी के साथ साझा किया, जिन्हें फिल्म 'ब्रह्मयुगम' में उनके दमदार प्रदर्शन के लिए यह पुरस्कार मिला।
सोशल मीडिया पर जताई खुशी
पुरस्कार की घोषणा के बाद कार्तिक आर्यन ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, "अभी भी इसे समझने की कोशिश कर रहा हूं... कुछ पल शब्दों से परे होते हैं और यह उन्हीं में से एक है। सालों से संजोया हुआ मेरा सपना आखिरकार सच हो गया है। मैं हमेशा विनम्र और आभारी रहूंगा।"
मुरलीकांत पेटकर की कहानी पर आधारित है फिल्म
निर्देशक कबीर खान की फिल्म 'चंदू चैंपियन' भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर के जीवन से प्रेरित है। फिल्म में कार्तिक आर्यन ने मुख्य भूमिका निभाई है। इस किरदार को निभाने के लिए उन्होंने कड़ी शारीरिक ट्रेनिंग की और अपने शरीर में बड़ा बदलाव किया था।
अभिनय की हुई थी जमकर सराहना
साल 2024 में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। खास तौर पर कार्तिक आर्यन के अभिनय की व्यापक सराहना की गई, जिसे अब राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिला है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में 'आर्टिकल 370' को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला। वहीं 'भंगार' को सर्वश्रेष्ठ नॉन-फीचर फिल्म और 'राम-नामी' को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) का पुरस्कार दिया गया।
प्रतिष्ठित पुरस्कारों की हुई घोषणा
फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष जयराज, नॉन-फीचर फिल्म जूरी के अध्यक्ष असीम सिन्हा और सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ लेखन जूरी के अध्यक्ष ए. चंद्रशेखर ने संयुक्त सचिव (फिल्म) डॉ. अजय नागभूषण एम.एन. और प्रेस सूचना ब्यूरो के प्रधान महानिदेशक धीरेंद्र ओझा की मौजूदगी में पुरस्कारों की घोषणा की। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में गिने जाते हैं। इन पुरस्कारों के माध्यम से फीचर फिल्मों, नॉन-फीचर फिल्मों और सिनेमा पर लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों और फिल्मकारों को सम्मानित किया जाता है।
ANI
यह भी पढ़े: ईरान पर अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी तेज, 5 वाणिज्यिक जहाजों का रास्ता बदला, 1 टैंकर किया निष्क्रिय