मुंबई,(महाराष्ट्र)। गुरुवार को रिलीज़ हुए ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के पहले टीज़र को अभिनेता कुणाल खेमू ने सराहा है। टीज़र देखने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की और फिल्म को लेकर उत्सुकता भी साझा की। लिंक शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “भौकाल वापस आ गया है! चलो चलें!”
मिर्जापुर का ओटीटी से बड़े पर्दे पर दशतक
यह बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइज़ की कहानी को ओटीटी से बड़े पर्दे तक ले जाती है। टीज़र के जरिए दर्शकों को पहली बार इस लोकप्रिय सीरीज़ के सिनेमाई रूप की झलक देखने को मिली है। टीज़र में कई चर्चित किरदारों की वापसी दिखाई गई है, जिनमें पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के रूप में, अली फज़ल गुड्डू पंडित के रूप में और श्वेता त्रिपाठी गोलू के किरदार में नजर आते हैं। सबसे ज्यादा चर्चा दिव्येंदु की वापसी को लेकर है, जो मुन्ना भैया के रूप में फिर से दिखाई दे रहे हैं। इस वापसी ने पुराने प्रशंसकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है।
रवि किशन एक नई और प्रभावशाली भूमिका में
फिल्म पहली बार इस फ्रेंचाइज़ को थिएटर तक ले जा रही है, जो 2018 में शुरू हुई कहानी को एक नए बड़े स्तर पर आगे बढ़ाती है। निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म पहले से स्थापित कहानी से जुड़ी होगी और एक अनकही, भव्य कथा पेश करेगी जिसे खास तौर पर बड़े पर्दे के लिए तैयार किया गया है। टीज़र में नए किरदारों की भी झलक देखने को मिलती है। जितेंद्र कुमार बबलू पंडित के रूप में लौटते हैं, जबकि रवि किशन एक नई और प्रभावशाली भूमिका में शामिल हुए हैं, जिससे कहानी में नया मोड़ जुड़ता है।
फिल्म में पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर राजस्थान तक की झलक
कमेंट सेक्शन में दर्शकों ने भी टीज़र पर उत्साह जताया है और फिल्म की रिलीज़ का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। कहानी कथित तौर पर प्रीक्वल स्टाइल में आगे बढ़ती है, जिसमें सत्ता संघर्ष, गैंगवार और रिश्तों की जटिलता को दिखाया गया है। इस बार कहानी का विस्तार पूर्वांचल से आगे बढ़कर अलग-अलग इलाकों तक जाता है, जिसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर राजस्थान तक की झलक दिखाई गई है।
4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु में होगी रिलीज
फिल्म में अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर और सोनल चौहान जैसे कई कलाकार भी शामिल हैं। इसका निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने किया है। सह-निर्माता के रूप में कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी जुड़े हैं। यह फिल्म अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत की गई है और 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।(एएनआई)
यह भी पढ़ेंः कंफर्ट और स्टाइल का अनोखा संगम, बच्चों के कपड़ों में आया बड़ा बदलाव