प्रोड्यूसर विवेक अग्निहोत्री की ने नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' को पश्चिम बंगाल में रिलीज करने की अपील की है।
मुंबई: फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' पिछले साल रिलीज़ हुई थी। पश्चिम बंगाल की तत्कालीन ममता बनर्जी की सरकार ने फिल्म पर अघोषित बैन लगा दिया था। अब फिल्म के प्रोड्यूसर विवेक अग्निहोत्री की ने नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से फिल्म को पश्चिम बंगाल में रिलीज करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि पहले वो फिल्म देखें, फिर रिलीज करने की प्रक्रिया में मदद करें। अभिषेक का कहना है कि प्रदेश में बैन के कारण उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही यह फिल्म बंगाल में भी धूम मचाएगी।
थिएटर मालिकों ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने का दिया हवाला
उन्होंने कहा कि ''हमें बंगाल में शूटिंग करने की अनुमति नहीं मिली। यहां तक कि रिसर्च के दौरान भी, हमें परमिशन लेने में दिक्कतें आईं। हमारे खिलाफ़ कई FIR दर्ज की गईं, और उनमें से कई अब भी पेंडिंग हैं। फिल्म पर जो बैन लगाया गया था, मेरा मानना है कि वह पूरी तरह से गलत था। जब हमने थिएटर मालिकों से बात की, तो उन्होंने कहा कि वे फिल्म नहीं दिखा सकते, क्योंकि उन्हें डर था कि इससे कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है। लेकिन, एक फिल्म कानून-व्यवस्था कैसे बिगाड़ सकती है? अगर सच दिखाने से कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है, तो ऐसा पूरे देश में होना चाहिए था।"
''हम पर हमला किया गया, मैं गवर्नर तक अवॉर्ड लेने नहीं गया''
मई की शुरुआत में बंगाल में BJP की जीत के बाद, अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि "हमारे ट्रेलर लॉन्च को रोक दिया गया था। हम पर हमला किया गया और मारपीट की गई। मेरे खिलाफ दर्जनों FIR दर्ज की गईं। बंगाल में मुझे पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया था। मैं गवर्नर से अपना अवॉर्ड लेने भी नहीं जा पाया था। लेकिन, हमने कभी हार नहीं मानी। इन चुनावों के दौरान, हमने यह पक्का किया कि फिल्म किसी न किसी तरह से बंगाल भर में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। मुझे खुशी है कि हमने हार नहीं मानी और अपने छोटे से तरीके से ही सही, लेकिन हमने लड़ाई लड़ी।" 'द बंगाल फाइल्स' में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार और पल्लवी जोशी मुख्य भूमिकाओं में हैं।