विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘राणाबाली’ के पहले गाने की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। गाना 21 सितंबर को पांच भाषाओं में रिलीज होगा।
हैदराबाद (तेलंगाना)। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म राणाबाली के मेकर्स ने इसके पहले गाने की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। फिल्म का पहला रोमांटिक गाना 21 सितंबर को रिलीज होगा। इस अपडेट के साथ मेकर्स ने विजय और रश्मिका के स्प्लिट पोस्टर भी साझा किए हैं, जो फिल्म की रोमांटिक दुनिया की झलक पेश करते हैं।
अजय-अतुल ने किया गाने को कंपोज
राणाबाली के इस रोमांटिक गाने को म्यूजिकल जोड़ी अजय-अतुल ने कंपोज किया है। मेकर्स के मुताबिक, फिल्म के दमदार बैकड्रॉप के बीच यह गाना प्यार का दिल को छू लेने वाला एहसास लेकर आएगा। गाने को कुल पांच भारतीय भाषाओं में रिलीज किया जाएगा, जिनमें तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी शामिल हैं।
पांच भाषाओं में रिलीज होगा गाना
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर के साथ गाने के टाइटल भी साझा किए हैं। तेलुगु में गाने का नाम #EndhayyaSaami, तमिल में #YedhayyaSaami, मलयालम में #EntheKannaala, कन्नड़ में #EnayyaSaami और हिंदी में #OMereSaajan रखा गया है। मेकर्स ने इसे साल के सबसे ज्यादा इंतजार किए जाने वाले लव सॉन्ग में से एक बताया है।
दशहरा सीजन में रिलीज होगी राणाबाली
मेकर्स ने घोषणा की है कि राणाबाली का ग्रैंड रिलीज 16 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर में होगा। फिल्म को प्री-दशहरा वीकेंड पर रिलीज करने का फैसला लिया गया है। कहानी अच्छाई और बुराई के बीच की कभी न खत्म होने वाली लड़ाई को दिखाती है, जो दशहरा की थीम और अच्छाई की बुराई पर जीत से जुड़ी है।
ऐतिहासिक कहानी पर आधारित है फिल्म
राणाबाली के जरिए माइथ्री मूवी मेकर्स एक अनकही ऐतिहासिक कहानी पेश कर रहे हैं। फिल्म की कहानी में भारतीयों के खिलाफ ब्रिटिश द्वारा किए गए अत्याचारों के क्रूर इतिहास को दिखाया गया है, जिसकी क्रूरता को अक्सर नाजियों के अत्याचारों से भी ज्यादा भयावह माना गया है। फिल्म की घोषणा के बाद से मेकर्स ने कैरेक्टर पोस्टर, गाने और खास झलकियों के जरिए दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाई है।
विजय-रश्मिका की जोड़ी फिर साथ आएगी नजर
राणाबाली का निर्देशन राहुल संकृत्यायन ने किया है। फिल्म में विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना एक बार फिर साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। मेकर्स के मुताबिक, दोनों फिल्म में बिल्कुल अलग और पहले कभी न देखे गए अवतार में दिखाई देंगे, जो ज्यादा रॉ और अलग हैं। बड़े प्रोडक्शन स्केल, इंटेंस कहानी और अजय-अतुल के संगीत के साथ फिल्म अक्टूबर 2026 के फेस्टिव सीजन में रिलीज के लिए तैयार है।
टी-सीरीज के सपोर्ट से तैयार हुआ गाना
इस सीजन में म्यूजिक जायंट टी-सीरीज के सपोर्ट से तैयार किया गया यह गाना फिल्म के म्यूजिकल प्रमोशन का अहम हिस्सा है। मेकर्स ने साझा किए गए अपडेट में गाने की 21 सितंबर की रिलीज डेट के साथ अजय-अतुल के म्यूजिक का भी उल्लेख किया है।
यह भी पढ़ें: कैबिनेट मंत्री संजय निषाद का बड़ा आरोप, कहा- 'समाजवादी पार्टी के लोगों ने फूलन देवी की प्रॉपर्टी पर किया कब्जा'