प्रतापगढ़ के प्रतापपुर गांव में भाभी से प्रेम प्रसंग के शक में दो सगे भाइयों पर छोटे भाई की हत्या कर जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर शव दफनाने का आरोप है।
प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। भाभी के साथ प्रेम प्रसंग के शक में दो सगे भाइयों ने अपने ही छोटे भाई की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपियों ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर शव को दफना दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने गुमशुदगी की झूठी कहानी भी गढ़ी, लेकिन सर्विलांस और पुलिस की पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया।प्रतापपुर गांव निवासी 24 वर्षीय बृजेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय जय सिंह पांच भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था।
बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की
उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। वह कुछ महीने पहले राजस्थान कमाने गया था, लेकिन रक्षाबंधन पर घर लौटने के बाद वापस नहीं गया। परिजनों के मुताबिक वह खेत की रखवाली करने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो बड़े भाई वीरेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को गांव की नहर पुलिया के पास बृजेंद्र का मोबाइल फोन मिला। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उसके दोस्त नीरज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस की सख्ती के सामने नीरज टूट गया और उसने हत्या की पूरी कहानी बयां कर दी।
भाभी के साथ प्रेम प्रसंग की आशंका में हत्या
पूछताछ में सामने आया कि भाभी के साथ प्रेम प्रसंग की आशंका में वीरेंद्र और दिलीप ने मिलकर बृजेंद्र की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को जेसीबी से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक की मां रेनू देवी और बहन शिमला देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि सर्विलांस की मदद से मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
यह भी पढ़ेंः जौनपुर में शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, चाचा गंभीर घायल