प्राइम वीडियो ने रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स इंडिया' के दूसरे सीजन की घोषणा कर दी है। इसका रहस्यमयी टीजर जारी कर दिया गया है। नए सीजन के कंटेस्टेंट्स, होस्ट और रिलीज डेट का खुलासा अभी नहीं किया गया है।
मुंबई: प्राइम वीडियो ने रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' के दूसरे सीज़न की घोषणा कर दी है, जिससे भारतीय प्रशंसकों का इंतज़ार खत्म हो गया है। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने शनिवार को एक टीज़र जारी कर शो की वापसी की पुष्टि की, लेकिन नए सीज़न के बारे में ज़्यादा जानकारी गुप्त रखी है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए टीज़र में लाल वस्त्र और मास्क पहने लोगों को दिखाया गया है, जो आगामी सीज़न का माहौल बयां करते हैं। हाथों में खंजर लिए ये लोग नई दिल्ली और मुंबई के विभिन्न हिस्सों, जैसे बाज़ारों, मेट्रो स्टेशनों और गलियों में घूमते नज़र आते हैं। टीज़र में "गद्दार वापस आ रहे हैं", "यहां भरोसा दुर्लभ है और धोखा हर जगह है" और "धोखा वापस आ गया है" जैसे संदेश दिए गए हैं।
पहले सीज़न में दिखाई दिए थे ये चेहरे
इस बीच अपकमिंग सीज़न के प्रतियोगियों, होस्ट और रिलीज़ डेट को सीक्रेट रखा गया है। पहले सीज़न में फिल्म, टेलीविजन, खेल और डिजिटल जगत की हस्तियां शामिल थीं। इनमें उर्फी जावेद, निकिता लूथर, पुरव झा, करण कुंद्रा, राज कुंद्रा, रफ्तार, जैस्मिन भसीन, अंशुला कपूर, आशीष विद्यार्थी, अपूर्वा मुखीजा, जन्नत जुबैर, एल्नाज़ नोरौज़ी, हर्ष गुजराल, लक्ष्मी मंचू, महीप कपूर, मुकेश छाबड़ा, साहिल सलाथिया, जानवी गौर, सुधांशु पांडे और सूफी मोतीवाला शामिल थे।
पहले सीजन को करण जौहर ने किया था होस्ट
पहले सीज़न को करण जौहर ने होस्ट किया था। प्रतियोगियों को अपने बीच छिपे गद्दारों को पहचानते हुए विश्वास कायम करना था। इस दौरानउन्होंने अलग-अलग टास्क में हिस्सा लिया और प्राइज मनी के लिए कॉम्पिटिशन करते हुए एलिमिनेशन का सामना किया। पहले सीज़न का समापन उर्फी जावेद और निकिता लूथर द्वारा 70.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि शेयर करने के साथ हुआ। सीज़न 2 की पुष्टि हो चुकी है। अब प्रशंसकों को प्राइम वीडियो के खुलासे का इंतज़ार करना होगा कि इस बार कौन-कौन से किरदार सामने आएंगे और क्या करण जौहर होस्ट के रूप में वापसी करेंगे। 'द ट्रेटर्स इंडिया' का पहला सीज़न अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम करने के लिए उपलब्ध है।
(ANI)
ये भी पढ़ें- बिग बॉस के छह एडिशन सितंबर में होंगे लॉन्च