सूर्य विकिरण से एयरबस के विमानों के साफ्टवेयर में आयी तकनीकी खराबियों को दूर करने के बाद विमान सेवाएं पटरी पर लौट रही हैं। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने यह जानकारी दी।
सभी A320 विमानों का अपडेट पूरा
डीजीसीए ने बताया कि भारत में सभी विमानन कंपनियों ने सूर्य विकिरण से प्रभावित एयरबस ए320 श्रेणी के अपने सक्रिय विमानों का सॉफ्टवेयर अपग्रेड पूरा कर लिया है। इस अपग्रेडेशन के बाद अब "फ्लाइट कंट्रोल साफ्टवेयर" के डेटा को प्रभावित करने वाली सौर विकिरण से संबंधित संभावित दिक्कतों दूर कर लिया गया है। नियामक ने बयान में कहा कि इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के ए320 श्रेणी के परिचालनगत कुल 323 विमानों को अपग्रेड किया जा चुका है।
कितने विमानों में संशोधन हुआ?
डीजीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि, 'इंडिगो के 200 में से 200 विमानों, एयर इंडिया के 113 में से 100 विमानों और एयर इंडिया एक्सप्रेस के 25 में से 23 विमानों ने अपना मॉडिफिकेशन पूरा कर लिया है। एयर इंडिया के चार विमान बेस मेंटेनेंस में हैं और 9 विमानों को किसी मॉडिफिकेशन की जरूरत नहीं है। एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान मेंटेनेंस में हैं क्योंकि उन्हें पट्टा देने वालों को दोबारा दिया जाएगा।' इसका मतलब यह है कि भारत में ए320 श्रेणी के परिचालनगत पूरे बेड़े को अपग्रेड कर दिया गया है।'
समस्या क्या थी?
याद रहे कि दुनिया की सबसे बड़ी विमान निर्माता "एयरबस" ने पिछले हफ्ते ए320 श्रेणी के विमान से जुड़ी घटना का विश्लेषण करने के बाद कहा था कि तीव्र सौर विकिरण उड़ान नियंत्रण के काम के लिए अहम डेटा बिगाड़ सकता है। यह दिक्कत विमान के उड़ान नियंत्रण वाले कंप्यूटर के अंदर है, जिसे एलिवेटर ऐंड ऐलेरॉन कंप्यूटर (ईएलएसी) कहते हैं। सोलर फ्लेयर्स जैसे बहुत तेज सैर विकिरण के दौरान यह कंप्यूटर थोड़ी देर के लिए गड़बड़ा सकता है। जब ऐसा होता है, तो इसके द्वारा विमान के हिस्सों को भेजा जाने वाला डेटा बिगड़ सकता है। इसके द्वारा भेजे गए डेटा से ही विमान ऊपर या नीचे जाता है अथवा दाएं या बाएं झुकता है। विकिरण से कुछ समय के लिए इस बात पर असर पड़ सकता है कि विमान की ऊंचाई कैसे बदलती है या वह कैसे मुड़ता है।
EASA और DGCA ने दिए त्वरित निर्देश
"एयरबस" के बयान के बाद यूरोपियन यूनियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी (ईएएसए) ने इस संभावित दिक्कत के संबंध में आपात उड़ान योग्यता निर्देश जारी किया था। इसके बाद शनिवार को डीजीसीए ने एक निर्देश जारी किया था जिसमें भारतीय विमानन कंपनियों को तुरंत जरूरी सॉफ्टवेयर अपग्रेड करने के लिए कहा गया था।
यह भी पढ़े: खैबर पख्तूनख्वा में राष्ट्रपति शासन लागू कर..
https://www.primenewsnetwork.in/world/pakistan-may-impose-president-rule-in-khyber-pakhtunkhwa/99513