भगवान राम की जन्मभूमि के रूप में विश्व प्रसिद्ध अयोध्या अब धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में एक और अनोखी पहल की ओर बढ़ रही है।
अयोध्या में सरयू पर फ्लोटिंग बाथ कुंड
भगवान राम की जन्मभूमि के रूप में विश्व प्रसिद्ध अयोध्या अब धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में एक और अनोखी पहल की ओर बढ़ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी विजन के तहत अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा सरयू नदी पर आधुनिक फ्लोटिंग पब्लिक बाथिंग कुंड का निर्माण कराया जा रहा है।
फरवरी तक मिलने की उम्मीद
एडीए उपाध्यक्ष अनुराग जैन ने बताया कि संभवतः फरवरी तक इस परियोजना की सौगात मिल जाएगी और होली तक इसके संचालित होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट की कुल लागत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये है। यह परियोजना श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक स्नान की सुविधा उपलब्ध कराएगी, जिससे अयोध्या का पर्यटन और अधिक आकर्षक बनेगा।
निजी कंपनी कर रही निर्माण कार्य
श्री जैन के अनुसार, फ्लोटिंग पब्लिक बाथिंग कुंड का निर्माण लिटमस मरीन इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। यह फ्लोटिंग स्नान कुंड 25 मीटर × 15 मीटर के आधुनिक फ्लोटिंग स्ट्रक्चर पर आधारित होगा, जिसे पोंटून और उच्च-शक्ति वाले फाइबर मटेरियल से तैयार किया जाएगा। इस संरचना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह सरयू नदी के जलस्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव के अनुसार स्वतः समायोजित हो सकेगा, जिससे हर मौसम में इसकी स्थिरता बनी रहेगी।
दो भव्य स्नान कुंड बनाए जाएंगे
परिसर में दो स्नान कुंड बनाए जा रहे हैं, जिनका आकार 15 मीटर × 4 मीटर होगा। इनमें से एक पुरुषों और दूसरा महिलाओं के लिए होगा, जिससे गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुल दस चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। इनमें पांच महिलाओं और पांच पुरुषों के लिए होंगे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से परिसर में सेफ्टी बैरियर, रेलिंग, सोलर लाइट, बैठने के लिए बेंच और इमरजेंसी सपोर्ट बोट की व्यवस्था की जाएगी।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दुकानें
परिसर में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए सात दुकानें भी स्थापित की जाएंगी, जहां स्थानीय उत्पाद, पूजा सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध होंगी। सरयू नदी में स्नान हिंदू परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहा है। रामायण काल से ही इस नदी को पवित्र माना जाता है और यहां स्नान करने से पापों का नाश होता है। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। फ्लोटिंग बाथिंग कुंड जैसी आधुनिक सुविधा से देशी के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी आकर्षित होंगे।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण और नदी की स्वच्छता को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। फ्लोटिंग संरचना होने के कारण घाटों पर कचरा फैलने की संभावना कम होगी और सरयू की स्वच्छता बनी रहेगी।
यह भी पढ़े: विराट कोहली ने सचिन को छोड़ा पीछे रिकॉर्ड
https://www.primenewsnetwork.in/india/virat-kohli-overtakes-sachin-records/105447