प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पीएम मोदी पर खड़गे की टिप्पणी का विरोध

खड़गे के 'मोदी का बाप' वाले बयान पर गरमाई सियासत, बीजेपी ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अभद्र भाषा कांग्रेस की राजनीतिक विरासत बन गई है।

खड़गे के मोदी का बाप वाले बयान पर गरमाई सियासत बीजेपी ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

BJP national president Nitin Nabin |

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की विवादित टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी 'दिवालिया मानसिकता' से ग्रसित है, जहां अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना उसकी राजनीतिक विरासत बन गया है।

कांग्रेस अध्यक्षों की पुरानी आदत

खड़गे के बयानों की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी और उनके परिवार को निशाना बनाना कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की पुरानी आदत बन चुकी है, जिसके जरिए वे अपने राजनीतिक पतन को छिपाने की कोशिश करते हैं।

नितिन नवीन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "वे एक वरिष्ठ और बुजुर्ग व्यक्ति हैं तथा कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, फिर भी ऐसी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस की कार्यशैली बन गई है। कांग्रेस अध्यक्षों ने लगातार प्रधानमंत्री और उनके परिवार को अपमानित करने का प्रयास किया है। यह पार्टी आज पूरी तरह से दिवालिया मानसिकता के साथ काम कर रही है।"

गांधी परिवार से लेकर खड़गे तक एक ही पैटर्न

विपक्षी दल की भाषा शैली पर सवाल उठाते हुए नवीन ने गांधी परिवार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "याद कीजिए सोनिया गांधी किस तरह की भाषा का इस्तेमाल करती थीं। राहुल गांधी को देखिए कि वे रोजाना कैसी बयानबाजी करते थे और अब वही पैटर्न हमें पार्टी के मौजूदा अध्यक्ष में भी दिखाई दे रहा है। कांग्रेस की पूरी संस्कृति ही अभद्र भाषा से तय होती है।"

भाजपा नेता ने साफ किया कि व्यक्तिगत स्तर पर इस तरह के हमले विपक्ष के भीतर छिपी घबराहट और हार की हताशा को दर्शाते हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री के खिलाफ किए गए अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

क्या है पूरा विवाद?

यह पूरा विवाद पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह के दौरान सामने आया। खड़गे के भाषण के दौरान जब भीड़ से एक शख्स ने टोकते हुए कहा कि 'पीएम मोदी कहीं नहीं जाने वाले', तो मंच से कांग्रेस अध्यक्ष ने गुस्से में कहा था, "मोदी का बाप भी जाएगा।"

इस बयान के विरोध में सोमवार को देश भर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किए। बेंगलुरु में कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ मार्च निकालने की कोशिश कर रहे कई भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: रांची पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में होंगे शामिल

Related to this topic: