संसद भवन के बाहर पंजाब पेपर लीक मामले पर सियासी घमासान तेज हो गया है। बीजेपी और कांग्रेस ने कड़ा विरोध प्रदर्शन करते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और सीएम भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की है।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने मंगलवार को संसद परिसर में पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन राज्य में कथित पेपर लीक मामले को लेकर किया गया था। कभी आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता रहीं BJP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया और "पंजाब पेपर लीक पर जवाब दो" के नारे लगाए।
कई परीक्षाओं के लीक होने पर अकाली दल और बीजेपी का हमला
यह प्रदर्शन शिरोमणि अकाली दल (SAD) द्वारा पंजाब के शिक्षा मंत्री बैंस के इस्तीफे की मांग के बाद हुआ। SAD ने आरोप लगाया कि पंजाब टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट, 12वीं कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा और फार्मेसी ऑफिसर टेस्ट सहित छह पेपर लीक हुए हैं। इससे राज्य में लाखों अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। सोमवार को भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, "उन्होंने पेपर लीक किए और बेचे हैं। यहां तक कि सफाई कर्मचारियों को, जो सबसे ज़रूरी काम करते हैं, न तो पक्का किया गया और न ही उन्हें सही रोजगार दिया गया। पंजाब के शिक्षा मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।"
कांग्रेस ने भी सीएम भगवंत मान के इस्तीफे की मांग उठाई
इससे पहले, सोमवार को पंजाब कांग्रेस के सांसदों ने भी संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और राज्य में कथित पेपर लीक और बरनाला में विरोध कर रहे सफाई कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पंजाब में AAP सरकार के कार्यकाल में कम से कम चार पेपर लीक हुए हैं, जबकि सरकार ने इन आरोपों से इनकार किया है।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेसः हम एकजुट, विचारों में मतभेद, लेकिन हम साथ खड़े हैंः रंधावा