नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पौत्र और भाजपा का उम्मीदवार बन कर चुनावों में जोरआजमाइश कर चुके चंद्र कुमार बोस ने भी एसआईआर के तहत वोटरों की सुनवाई को “उत्पीड़न” कहा है।
सुनवाई के नाम पर परेशान वोटर
नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पौत्र और भाजपा का उम्मीदवार बनकर चुनावों में जोरआजमाइश कर चुके चंद्र कुमार बोस ने भी एसआईआर के तहत वोटरों की सुनवाई को “उत्पीड़न” करार दिया है। उनका कहना है कि उन्हें सुनवाई पर एतराज नहीं है, लेकिन जिस तरीके से यह प्रक्रिया चल रही है, वह बिल्कुल भी उचित नहीं लग रही। चंद्र कुमार बोस ने बताया कि सुनवाई के दौरान उन्हें भी घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा और अपनी वैध वोटर पहचान से जुड़े कागजात चुनाव अधिकारियों को सौंपने पड़े। इसके बावजूद उनके मन में यह आशंका बनी हुई है कि कहीं उन्हें दोबारा सुनवाई के लिए न बुला लिया जाए।
पड़ोसी का उदाहरण देकर उठाए सवाल
उन्होंने अपने पड़ोसी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्हें भी सुनवाई के लिए बुलाया गया था। पड़ोसी ने चुनाव अधिकारियों के निर्देशानुसार सभी जरूरी कागजात जमा किए, फिर भी उन्हें दोबारा सुनवाई के लिए बुला लिया गया। चंद्र कुमार बोस के अनुसार, चुनाव अधिकारियों की ओर से डेटा को लिंक करने में कमी-खामी रही, लेकिन इसका खामियाजा आम वोटर को भुगतना पड़ा। नेताजी के पौत्र ने साफ कहा कि एसआईआर के तहत सुनवाई से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन पूरी प्रक्रिया अव्यवस्थित और अस्पष्ट है। इसी पर उनका मुख्य एतराज है।
2002 की वोटर लिस्ट को लेकर भ्रम
उन्होंने बताया कि पहले यह कहा गया कि 2002 की वोटर लिस्ट में उनका नाम नहीं है, जिसके आधार पर उन्होंने कागजात जमा किए। बाद में पता चला कि 2002 की वोटर लिस्ट में उनका नाम दर्ज है। इसके बाद उन्हें दोबारा सुनवाई के लिए बुलाया गया।
तकनीकी खामियों का बोझ वोटर पर क्यों?
चंद्र कुमार बोस का कहना है कि अगर चुनाव आयोग की लिंकेज या तकनीकी प्रणाली में कोई समस्या है, तो इसके लिए वोटर जिम्मेदार नहीं है। ऐसे में वोटरों को बार-बार परेशान करना बिल्कुल भी उचित नहीं ठहराया जा सकता। गौरतलब है कि चंद्र कुमार बोस भाजपा के उम्मीदवार के रूप में 2016 के विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा चुके हैं।
यह भी पढ़े: जिला प्रशासन के खिलाफ भाजपा विधायक का अनशन
https://www.primenewsnetwork.in/india/bjp-mla-to-hunger-strike-against-admin/105596