एशिया की सबसे लंबी टनल भारत की जोजिला सुरंग में आज 'ब्रेकथ्रू' ब्लास्ट होने के साथ लद्दाख और श्रीनगर के बीच सीधी कनेक्टिविटी हो गई।
श्रीनगर: आज एक ऐतिहासिक दिन है। जोजिला सुरंग का आज ब्रेकथ्रू ब्लास्ट किया गया। ये सिर्फ एक सुरंग नहीं, बल्कि कश्मीर और लद्दाख के बीच हर मौसम में निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करनेवाली कड़ी है। आज सुरंग के दोनों छोर सोनमर्ग और द्रास से खुदाई कर रही इंजीनियरिंग टीमें आपस में मिल गईं।
15 मिनट में पूरा होगा तीन घंटे का सफर
श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे पर स्थित 13.15 किलोमीटर लंबी ये सुरंग कश्मीर और लद्दाख के बीच सालभर निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करेगी। जिससे यात्रा का समय तीन घंटे से घटकर मात्र 15 मिनट हो जाएगी। ये बुनियादी ढांचे के विकास में एक नया अध्याय है।
2028 में आम जनता के लिए खोली जाएगी सुरंग
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। उन्होंने ज़ोजिला सुरंग के अंतिम चरण की शुरुआत की। 11,500 फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित ये सुरंग 2028 तक आम जनता के लिए खोल दी जाएगी।
अब सर्दियों में भी बना रहेगा लद्दाख का सड़क संपर्क
लद्दाख और कश्मीर घाटी के बीच सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण आवाजाही ठप हो जाती है। जब ये सुरंग पूरी तरह खुल जाएगी, तो लद्दाख का सड़क संपर्क सर्दियों में भी बना रहेगा। ये सुरंग श्रीअमरनाथ यात्रा के आधार शिविर बालटाल को लद्दाख के द्रास जिले के मीनामर्ग से जोड़ेगी। जिससे लद्दाख और कश्मीर की यात्रा अब और भी आसान हो जाएगी।