केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने नेपाल में माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई करने वाली सीमा सुरक्षा बल यानी Border Security Force की पहली महिला पर्वतारोही टीम को बधाई दी है।
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने नेपाल में माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई करने वाली सीमा सुरक्षा बल यानी Border Security Force की पहली महिला पर्वतारोही टीम को बधाई दी है।
अमित शाह ने सराहा नारी शक्ति का साहस
फेसबुक पर साझा किए गए अपने संदेश में अमित शाह ने कहा कि बीएसएफ की महिला टीम ने साहस, देशभक्ति और समर्पण का अद्भुत उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा, “नारी शक्ति बीएसएफ की अजेय शक्ति को साबित करती है। माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई कर स्वर्णिम इतिहास रचने वाली बीएसएफ की महिला पर्वतारोही टीम को मेरी हार्दिक बधाई।”
हीरक जयंती पर ऐतिहासिक उपलब्धि
बीएसएफ की हीरक जयंती समारोह के अवसर पर बल की पहली महिला पर्वतारोहण टीम ने गुरुवार सुबह भारतीय समयानुसार 8 बजे दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट की 8,848.86 मीटर ऊंची चोटी पर सफलतापूर्वक तिरंगा लहराया।
टीम में शामिल रहीं चार महिला जवान
इस ऐतिहासिक अभियान में कांस्टेबल कौसर फातिमा (लद्दाख), कांस्टेबल मुनमुन घोष (पश्चिम बंगाल), कांस्टेबल रबेका सिंह (उत्तराखंड) और कांस्टेबल त्सेरिंग चोरोल (कारगिल) शामिल थीं। बीएसएफ ने बताया कि टीम ने #मिशनवंदेमातरम के तहत एवरेस्ट फतह कर इतिहास रचा।
एवरेस्ट पर गूंजा ‘वंदे मातरम’
बीएसएफ के अनुसार, महिला पर्वतारोहियों ने शिखर पर पहुंचकर ‘वंदे मातरम’ गाकर इस ऐतिहासिक पल को यादगार बना दिया। बल ने कहा कि इतनी ऊंचाई पर, जहां सांस लेना और सीधे खड़े रहना भी चुनौतीपूर्ण होता है, वहां महिला जवानों ने एकजुट होकर ‘वंदे मातरम’ गाया, जो नारी शक्ति की दृढ़ता और अदम्य साहस का प्रतीक है।
महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनी उपलब्धि
बीएसएफ ने इस उपलब्धि को महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय गौरव और उत्कृष्टता के प्रति बल की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
ANI
यह भी पढ़े: जहानाबाद में हत्या आरोपी पुलिस मुठभेड़