बडगाम के अशदार गली इलाके में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF के संयुक्त अभियान में एक आतंकी मारा गया। मौके से AK राइफल और अन्य युद्धक सामग्री बरामद हुई।
बडगाम (जम्मू-कश्मीर)। बडगाम में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अशदार गली इलाके में एक आतंकवादी को मार गिराया। मुठभेड़ के बाद मौके से एक AK राइफल और अन्य युद्धक सामग्री बरामद की गई है। इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।
AK राइफल और युद्धक सामग्री बरामद
भारतीय सेना की चिनार कोर के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान एक AK राइफल और युद्ध में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान भी बरामद किया गया। इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। यह सर्च ऑपरेशन भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त रूप से बडगाम की अशदार गली में चलाया था।
संयुक्त अभियान में आतंकी मारा गया
चिनार कोर ने 'X' पर पोस्ट किया, "OP ASHDAR, बडगाम: खुफिया जानकारी के आधार पर, #IndianArmy, @JmuKmrPolice और @crpf_srinagar ने बडगाम के अशदार गली इलाके में एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया।" उन्होंने आगे पोस्ट किया, "सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे दोनों तरफ से जबरदस्त गोलीबारी हुई। इस दौरान एक आतंकवादी मारा गया और एक AK राइफल तथा युद्ध में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया। सर्च ऑपरेशन जारी है।" आगे की जानकारी का इंतजार है। (Source: ANI)
यह भी पढ़ें: GSLV लॉन्च की सफलता पर कांग्रेस ने ISRO को सराहा, PMO के निर्देश पर मूल चरित्र बदलने का किया दावा