गेस्ट हाउस में कई विदेशी नागरिक थे, जिनमें बांग्लादेश और अन्य सार्क देशों के लोग शामिल थे, जो चिकित्सा उपचार के लिए दिल्ली आए थे और एक बड़े अस्पताल के सामने स्थित गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे।
नई दिल्ली । अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल-सह-गेस्ट हाउस में भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोगों को बचा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें तेजी से बहुमंजिला इमारत में फैल गईं, जिससे कई लोगों को अपनी जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से कूदना पड़ा और वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे बिछा दिए थे, जिस पर कई ने कूद कर जान बचाई। एक महिला अपने बच्चे के साथ कूद गई। उसने बताया कि उसका एक पैर टूट गया। एक निवासी, शेर खान ने बताया कि आग पहले मामूली लग रही थी, लेकिन फिर तेजी से पूरी इमारत में फैल गई।
मरने वालों में 15 से अधिक विदेशी
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण), अनंत मित्तल ने बताया कि मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बीएंडबी में आग लगने की सूचना सुबह 8:48 बजे मिली, जिसके बाद पुलिसकर्मी और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि बचाव और तलाशी अभियान अभी भी जारी है और प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सभी संबंधित एजेंसियां मौके पर तैनात हैं। 8 दमकलकर्मियों की सहायता से आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया है। पुलिस, दमकल सेवाओं और अन्य आपातकालीन कर्मियों के समन्वित प्रयासों से 40 से अधिक लोगों को बचाया गया है और उन्हें चिकित्सा उपचार के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पीएम केयर फंड से पीड़ित परिवारों को दो-दो लाख की सहायता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को पीएम केयर फंड से दो- दो लाख रुपए की आर्थिक सहयता और घायल को इलाज के लिए 50-50 हजार की आर्थिक सहयतादेने की घोषणा की है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेधना जताई है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
विदेशी इलाज के लिए आए थे दिल्ली
इस बीच, मालवीय नगर से भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि आपातकालीन बचाव दल की त्वरित कार्रवाई से त्रासदी को और अधिक भयावह होने से रोका जा सका। उन्होंने आगे बताया कि गेस्ट हाउस में कई विदेशी नागरिक थे, जिनमें बांग्लादेश और अन्य सार्क देशों के लोग शामिल थे, जो चिकित्सा उपचार के लिए दिल्ली आए थे और एक बड़े अस्पताल के सामने स्थित गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे।
गहन जांच का आदेशः उपराज्यपाल
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत संधू ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा, "मालवीय नगर के हौज रानी स्थित एक होटल में लगी भीषण आग से मैं बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवार के साथ हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
पीड़ित परिवारों को एक -एक करोड़ के मुआवजे की मांग
आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक सोमनाथ भारती ने दिल्ली सरकार से पीड़ितों के परिवारों को एक -एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और मामले की जांच करने की उम्मीद जताई है। (एएनआई)