प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

केरल सरकारी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर 13 जनवरी से...

केरल सरकारी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर 13 जनवरी से करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल

केरल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (KGMCTA) ने वेतन संशोधन आदेश में विसंगतियों को लेकर 13 जनवरी से अनिश्चितकाल तक शिक्षण कार्य का बहिष्कार करने की घोषणा की है।

केरल सरकारी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर 13 जनवरी से करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल

फाइल फोटो |

तिरुवनंतपुरम। केरल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (KGMCTA) ने वेतन संशोधन आदेश में विसंगतियों को लेकर 13 जनवरी से अनिश्चितकाल तक शिक्षण कार्य का बहिष्कार करने की घोषणा की है। इसके अलावा, अगले सप्ताह से सभी गैर-आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का भी बहिष्कार करने की बात कही गई है। संगठन ने 19 जनवरी को सचिवालय के सामने धरना देने का भी ऐलान किया है।

KGMCTA ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को विरोध कार्यक्रमों से बाहर रखा जाएगा। इनमें कैजुअल्टी, लेबर रूम, आईसीयू, भर्ती मरीजों की देखभाल, सर्जरी सहित अन्य आपातकालीन उपचार और पोस्टमार्टम सेवाएं शामिल हैं।

सरकार पर आश्वासन के बावजूद लंबित मांगे पूरी नहीं करने का आरोप

एसोसिएशन का कहना है 1 जुलाई 2025 से आंदोलन जारी है। सरकार ने वर्षों से लंबित कई मांगों पर दिए गए आश्वासनों को पूरा नहीं किया। इनमें वेतन संशोधन आदेश में विसंगतियों को दूर करना, वेतन और महंगाई भत्ता (डीए) के बकाया का भुगतान, अस्थायी और सामूहिक तबादलों से बचाव, पर्याप्त फैकल्टी पदों का सृजन तथा शिक्षकों और मरीजों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल हैं।

10 नवंबर की बैठक में भी मांगे लागू करने का मिला था आश्वासन

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जब संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को तेज किया गया। इसी क्रम में 10 नवंबर 2025 को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के नेतृत्व में एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में एसोसिएशन की जायज मांगों को लागू करने के लिए गंभीर प्रयास करने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, KGMCTA का आरोप है कि उनकी उठाई गई किसी भी मांग का अब तक सकारात्मक समाधान नहीं हुआ है।

आंदोलन तेज करने के अलावा नहीं बचा कोई विकल्प: KGMCTA

एसोसिएशन का कहना है कि उनके पास आंदोलन को और तेज करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। सरकार की ओर से समस्याओं को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ऐसे में 'वर्क-टू-रूल' आंदोलन और असहयोग जारी रखते हुए KGMCTA ने विरोध को और तीव्र करने का फैसला किया है।

आगामी 12 जनवरी को KGMCTA करेगा प्रेस कॉन्फ्रेंस

बता दें कि डॉक्टरों की समस्याओं से जनता को अवगत कराने और आंदोलन के कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए KGMCTA द्वारा आगामी 12 जनवरी, सोमवार को तिरुवनंतपुरम प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/20-more-illegal-bangladeshi-nationals-have-been-apprehended-in-delhi/104126

दिल्ली में फिर पकड़े गए 20 अवैध बांग्लादेशी नागरिक, भेजे गए डिटेंशन सेंटर

Related to this topic: