FSSAI ने अखबार और मैगजीन के पन्नों में खाना परोसने या पैक करने पर सख्त चेतावनी जारी की है।
नई दिल्ली: सड़क के किनारे खाने का शौक रखते हैं या घर में किसी अखबार पर रखकर समोसे, पकोड़े या पराठे खाते हैं तो सावधान हो जाइए। आपकी यह छोटी-सी आदत सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी fssai ने अखबार और मैगजीन के पन्नों में खाना परोसने या पैक करने पर सख्त चेतावनी जारी की है। वजह है इससे जुड़ी प्रिंटिंग इंक। fssai ने कहा है कि प्रिंटिंग इंक में ऐसे खतरनाक रसायन मौजूद होते हैं, जो गर्म खाने के संपर्क में आकर सीधे आपके शरीर में पहुंचते हैं, जिससे आपको कैंसर भी हो सकता है।
तले हुए भोजन को अखबार में परोसना या लपेटना harmless लग सकता है, लेकिन यह स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम लेकर आता है। अखबार की प्रिंटिंग स्याही में जहरीले रसायन और भारी धातुएं जैसे लेड मौजूद होते हैं। जब गरम या तैलीय भोजन स्याही के संपर्क में आते हैं, तो ये टॉक्सिन सीधे खाने में पहुंच जाते हैं।
आमलोगों की सेहत को लेकर FSSAI सख्त
- अखबार या मैगज़ीन के प्रिंटेड पेज पर लिपटे भोजन खाना खतरनाक
- प्रिंटिंग की स्याही आपके स्वास्थ्य पर डाल सकती है गंभीर प्रभाव
- पैकेजिंग नियम के तहत प्रिंटेड पन्नों में खाना लपेटने पर मनाही
- नियम तोड़ने पर फूड सेफ्टी एक्ट के तहत 1 लाख का लग सकता है जुर्माना
- अपने आसपास के लोगों को खतरे के प्रति जागरूक करने की अपील
- स्ट्रीट वेंडरर्स, क्लाउड किचन वालों को प्रिंटेड पेपर के उपयोग से बचने को कहा
- रजिस्टर्ड वेंडर्स को पूर्व मानकों के आधार पर पैकेजिंग के इस्तेमाल के निर्देश
प्रिंटिंग इंक में होते हैं सेहत खराब करनेवाले केमिकल्स
ऐसे बहुत से मामलों के वीडियो सोशल मीडिया पर देखने को मिल जाते हैं। जहां फूड प्रोडक्टस को अखबारों में बेधड़क पैक किया जाता है। अखबार की जो प्रिंटिंग इंक है, उसमें बहुत से ऐसे केमिकल्स होते हैं, जो गर्म खाने के संपर्क में आने के बाद सेहत पर बहुत बुरा असर डाल सकते हैं। इसीलिए FSSAI और BAMC ने जॉइंट एक्शन के बाद बड़ी कारवाई के निर्देश जारी किए हैं।
अखबार में खाना बेचना और पैक करना प्रतिबंधित
दिल्ली-मुंबई जैसे किसी बड़े शहरों में या किसी छोटे शहर में अक्सर ये देखा जाता है कि अखबार को खाना पैक करने के लिए ही खरीद या बेचा जाता है, जो पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। अगली बार जब आप अखबार या मैगज़ीन के पन्नों में लिपटा खाना देखें, तो सावधान हो जाइए। कुछ पल की सुविधा आपकी सेहत पर भारी पड़ सकती है। सुरक्षित भोजन के लिए हमेशा फूड-ग्रेड पैकेजिंग को ही चुनें, क्योंकि स्वस्थ रहने की शुरुआत सही आदतों से होती है।