पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों के लिए मतदान सम्पन्न होने के साथ ही कुकिंग गैस कंपनियों ने आम लोगों और खासकर रेस्टोरेंट कारोबारियों को महंगाई का करंट दिया है।
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों के लिए मतदान सम्पन्न होने के साथ ही कुकिंग गैस कंपनियों ने आम लोगों और खासकर रेस्टोरेंट कारोबारियों को महंगाई का करंट दिया है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ रहे तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य नाकेबंदी के कारण कच्चे तेल और गैस आपूर्ति की मुश्किलों का सामना कर रही कुकिंग गैस कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर और 5 kg वाले फ्री ट्रेड LPG (FTL) सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का एलान कर दिया है। राहत की बात ये है कि सरकार ने घरेलू सिलेंडर पर कोई बढ़ोतरी नहीं की है।
कमर्शियल सिलेंडर में भारी इजाफा
गैस कंपनियों द्वारा 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में ₹993 तक की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में एक कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹3071.50 हो गई है, जो पहले के मुकाबले काफी ज्यादा है।
छोटू सिलेंडर भी महंगा
इसी प्रकार 5 kg वाले फ्री ट्रेड LPG (FTL) सिलेंडर की कीमत में 261 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी का एलान किया गया है। जाहिर है कि इससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों की लागत पर सीधा असर पड़ेगा। इस बढ़ोतरी के बाद मार्केट का पूरा गुणा-गणित बिगड़ने की संभावना है।
कारोबार पर पड़ेगा सीधा असर
पहले से ठप्प पड़े होटल, रेस्टोरेंट कारोबार की कमर इस बढ़ोतरी के बाद और कमजोर हो सकती है। छोटे व्यापारियों के लिए यह बढ़ोतरी बड़ा झटका मानी जा रही है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ रहे तनाव को देखते हुए चुनाव बाद पेट्रोलियम उत्पादों में वृद्धि की आशंका थी। विपक्ष के कई नेताओं ने भी सोशल मीडिया पर इसकी संभावना जताई थी, हालांकि पेट्रोलियम मंत्रालय ने इसका खंडन किया था।
1 मई से लागू नई दरें
लेकिन 1 मई की सुबह यह आशंका आंशिक रूप से सच साबित हो गई। गैस कंपनियों ने कीमतों में भारी इजाफा कर दिया। दिल्ली में कमर्शियल LPG सिलेंडर अब ₹3071.50 का हो गया है, जो पिछले महीने ₹2078.50 था। राहत की बात यह है कि 14 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में यह पहले की तरह ₹913 में ही मिल रहा है।
छोटे सिलेंडर की नई कीमत
5 किलो वाले FTL छोटे सिलेंडर की कीमत अब ₹833 से ₹857 के बीच पहुंच गई है। यह सिलेंडर आमतौर पर दिहाड़ी मजदूर और कम आय वर्ग के लोग इस्तेमाल करते हैं, जिससे उनकी जेब पर सीधा असर पड़ेगा। याद रहे कि 1 अप्रैल 2026 को भी इस सिलेंडर के दाम में 51 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि इस बार 261 रुपये का इजाफा किया गया है।
हर महीने होती है समीक्षा
तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को कीमतों की समीक्षा करती हैं। इस बार भी समीक्षा के बाद चारों महानगरों में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। दाम में बढ़ोतरी के बाद मुंबई में कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹3024 और कोलकाता में ₹3205 का हो गया है। कंपनियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही पर असर के कारण तेल और गैस की कीमतें बढ़ी हैं।
क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमतें
कच्चे तेल की कीमतें भी हाल में बढ़कर 123 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई थीं, जिसका असर सीधे गैस कीमतों पर पड़ा है। आंकड़ों के अनुसार, कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में यह अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है भारत अपनी LPG जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में बदलाव का असर घरेलू कीमतों पर पड़ता है।
महंगाई का बढ़ता बोझ
ऐसे समय में जब महंगाई पहले से ही बढ़ी हुई है, गैस की कीमतों में यह इजाफा आम लोगों और छोटे कारोबारियों के लिए बड़ी चिंता बन गया है।
यह भी पढ़े: अग्नि-VI की तैयारी पूरी
https://www.primenewsnetwork.in/india/drdo-ready-for-agni-6-awaits-centres-nod/181323