तिरुअनंतपुरम में ईशान किशन के शतक और अर्शदीप के 5 विकेट से भारत ने न्यूजीलैंड को 46 रन से हराया, टी20 सीरीज 4-1 से जीती।
टॉस जीतकर भारत ने चुनी बल्लेबाजी
ईशान किशन की शानदार शतकीय पारी (103 रन) और अर्शदीप सिंह की घातक गेंदबाजी (5 विकेट) की बदौलत भारत ने तिरुअनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेले गए पांच मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड को 46 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। भारतीय टीम अब टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटेगी। भारत का पहला मुकाबला संयुक्त रूप से श्रीलंका के साथ आयोजित होने वाले टी20 विश्व कप में 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ होगा। शनिवार को खेले गए पांचवें टी20 मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 271 रन बनाए। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 272 रन का लक्ष्य मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम बिखरी
272 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई और 19.4 ओवर में 225 रन पर सिमट गई। इस तरह मेहमान टीम को 46 रन से हार का सामना करना पड़ा। कीवी टीम की ओर से केवल फिन एलन ने संघर्ष किया, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
फिन एलन की जुझारू पारी भी बेकार
न्यूजीलैंड की तरफ से फिन एलन ने 38 गेंदों में 80 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 6 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। हालांकि उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और पूरी टीम 225 रन पर ऑलआउट हो गई।
ईशान और अर्शदीप बने जीत के हीरो
भारत की जीत के नायक ईशान किशन और अर्शदीप सिंह रहे। ईशान किशन ने 43 गेंदों में 103 रन की आतिशी पारी खेली, जबकि अर्शदीप सिंह ने 51 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उनके अलावा अक्षर पटेल ने 33 रन देकर 3 विकेट झटके।
भारतीय बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन
ईशान किशन ने 42 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 103 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए 63 रन की पारी खेली। संजू सैमसन एक बार फिर निराश रहे और केवल 6 रन बनाकर आउट हो गए। अभिषेक ने 30 रन की पारी खेली, जबकि हार्दिक पांड्या 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रिंकू सिंह 8 रन और शिवम दुबे 7 रन बनाकर नाबाद रहे।
न्यूजीलैंड की गेंदबाजी
न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में फर्ग्यूसन ने दो विकेट झटके। वहीं जे डफी, जैमसन और सैंटनर को एक-एक विकेट मिला। ईशान किशन को 43 गेंदों में 103 रन की विस्फोटक शतकीय पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सीरीज का अंत सबसे सफल बल्लेबाज के रूप में किया। उन्होंने पांच मैचों में 80.66 के औसत और 196.74 के स्ट्राइक रेट से कुल 242 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं।
यह भी पढ़े: यूपी को फार्मा हब बनाने को इंफ्रा विकास
https://www.primenewsnetwork.in/india/infra-push-to-make-up-a-pharma-hub/131423