प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

भारत-थाईलैंड रणनीतिक साझेदारी को नई रफ्तार

भारत-थाईलैंड संबंधों को नई धार, व्यापार से रक्षा तक सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति

बैंकॉक में भारतीय राजदूत पुनीत अग्रवाल और थाईलैंड के विदेश उपमंत्री के बीच अहम कूटनीतिक बैठक। व्यापार, रक्षा और समुद्री सुरक्षा सहित भारत-थाईलैंड रणनीतिक साझेदारी को मिली नई रफ्तार। पढ़ें पूरी खबर।

भारत-थाईलैंड संबंधों को नई धार व्यापार से रक्षा तक सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति

India-Thailand Deepen Defence and Strategic Ties |

बैंकॉक (थाईलैंड)। भारत और थाईलैंड के बीच कूटनीतिक और रक्षा संबंधों का नया अध्याय शुरू हो रहा है। बैंकॉक में भारतीय राजदूत पुनीत अग्रवाल और थाईलैंड के विदेश उपमंत्री विजावत इसराभकदी के बीच एक अहम बैठक हुई है। इसमें व्यापार, निवेश और रक्षा समेत कई रणनीतिक मोर्चों पर द्विपक्षीय सहयोग गहरा करने पर गहन चर्चा हुई। सोमवार को हुई इस उच्च स्तरीय कूटनीतिक वार्ता के दौरान राजदूत अग्रवाल ने थाईलैंड के वरिष्ठ अधिकारी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों देशों के बीच भविष्य की कूटनीतिक और रणनीतिक रूपरेखा पर मंथन किया गया।

दूतावास ने साझा की बैठक की जानकारी

थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस मुलाकात की जानकारी दी। दूतावास ने लिखा, "राजदूत पुनीत अग्रवाल ने थाईलैंड के विदेश उपमंत्री महामहिम विजावत इसराभकदी से शिष्टाचार भेंट की। इस चर्चा का मुख्य केंद्र व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा, तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित भारत-थाईलैंड रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना था।"

नौसैनिक सहयोग के बाद बढ़ी रणनीतिक गर्माहट

यह अहम कूटनीतिक वार्ता दोनों देशों के बीच हाल ही में हुए कई मजबूत रक्षा संपर्कों के ठीक बाद हुई है। गौरतलब है कि पिछले ही हफ्ते, 3 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नौसेना के बीच 14वें संस्करण की 'स्टाफ वार्ता' संपन्न हुई थी। इस वार्ता का मुख्य उद्देश्य नौसैनिक क्षमता निर्माण, पेशेवर प्रशिक्षण का विस्तार और अभियानगत सहयोग (operational collaboration) को बढ़ाना था। इस बैठक की सह-अध्यक्षता भारतीय नौसेना के रियर एडमिरल सचिन आर सिकेरा, एसीएनएस (एफसीआई) और रॉयल थाई नौसेना के रियर एडमिरल चक्सावत साइवोंग ने की।

नई दिल्ली में 14वीं स्टाफ वार्ता संपन्न

भारतीय नौसेना ने 'एक्स' पर इस बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा, "भारतीय नौसेना और रॉयल थाई नौसेना के बीच 14वें संस्करण की वार्ता 03 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस वार्ता का फोकस द्विपक्षीय जुड़ाव की नींव को मजबूत करने, क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि करने तथा भविष्य के सहयोग के लिए नए क्षेत्रों की पहचान करने पर रहा।"

जुलाई में हुआ अहम समुद्री युद्धाभ्यास

इससे पहले इस साल जुलाई में भी दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग के क्षेत्र में एक बड़ा मील का पत्थर देखा गया था। भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े के युद्धपोत आईएनएस उदयगिरी, आईएनएस शक्ति और आईएनएस कवरत्ती ने रॉयल थाई नौसेना के जहाज एचटीएमएस चाओ फ्राया के साथ एक साझा युद्ध अभ्यास (PASSEX) किया था। यह नौसैनिक युद्धाभ्यास सट्टाहिप (Sattahip) में भारतीय बेड़े के 'पोर्ट कॉल' के बाद आयोजित किया गया था। इसका मुख्य मकसद दोनों नौसेनाओं के बीच रणनीतिक और सामरिक तालमेल (tactical interoperability) को बढ़ावा देना था।

PASSEX से बढ़ा दोनों नौसेनाओं का तालमेल

इस युद्धाभ्यास को लेकर भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने 'एक्स' पर कहा था, "पूर्वी बेड़े के भारतीय नौसैनिक जहाजों आईएनएस उदयगिरी, आईएनएस शक्ति और आईएनएस कवरत्ती ने थाईलैंड के सट्टाहिप दौरे के बाद रॉयल थाई नौसेना के एचटीएमएस चाओ फ्राया के साथ PASSEX में हिस्सा लिया। इस अभ्यास ने दोनों नौसेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाने का अवसर प्रदान किया, जो समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के प्रति उनकी साझा प्रतिबद्धता को दोहराता है।"
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: सिंगापुर के प्रधानमंत्री ने एसआईए-एआई निवेश समझौते को लेकर भारत विरोधी दुर्व्यवहार की निंदा की

Related to this topic: