प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

ईरान में मरने वालों की संख्या पहुंची 2,572

ईरान में मरने वालों की संख्या पहुंची 2,572, भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

ईरान में प्रदर्शन के दौरान मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बताया कि कुल मृतकों की संख्या अब 2572 हो गई है।

ईरान में मरने वालों की संख्या पहुंची 2572 भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

फाइल फोटो |

दुबई। ईरान में प्रदर्शन के दौरान मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बताया कि कुल मृतकों की संख्या अब 2572 हो गई है। वहीं, ईरान के प्रधान न्यायाधीश ने सरकार विरोधी राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ त्वरित सुनवाई और फांसी की सजा का संकेत दिया है।

ईरान के उच्चतम न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश गुलामहुसैन मोहसेनी-एजेई ने मंगलवार को एक वीडियो में, मुकदमे चलाये जाने और फांसी की सजा के बारे में टिप्पणी की। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि मृत्युदंड दिये जाने की स्थिति में वह बहुत कड़ी कार्रवाई करेंगे।

 1979 की इस्लामी क्रांति की याद दिला रहा प्रदर्शन

इसी बीच, अमेरिका स्थित ‘ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी’ ने बताया कि बुधवार सुबह तक मृतकों की संख्या बढ़कर 2,571 हो गई थी। यह आंकड़ा दशकों में ईरान में हुए किसी भी विरोध प्रदर्शन या अशांति में हुई मौतों की संख्या से कहीं अधिक है और देश की 1979 की इस्लामी क्रांति के दौरान फैली अराजकता की याद दिलाता है। मृतकों की संख्या की जानकारी मिलने के बाद, ट्रंप ने ईरान के नेताओं को चेतावनी दी कि वे किसी प्रकार की बातचीत समाप्त कर रहे हैं और कार्रवाई करेंगे।

ईरान के प्रधान न्यायाधीश के तुरंत कार्रवाई के फरमान

ईरान के प्रधान न्यायाधीश एजेई ने कहा, "अगर हमें कोई काम करना है, तो हमें उसे अभी करना चाहिए। अगर हम कुछ करना चाहते हैं, तो हमें उसे जल्दी करना होगा। अगर इसमें दो महीने या तीन महीने की देरी होती है तो इसका उतना असर नहीं पड़ेगा। अगर हम कुछ करना चाहते हैं, तो हमें उसे तुरंत करना होगा।"

ईरान में फंसे हैं 2000 भारतीय छात्र

बता दें कि ईरान में चल रहे प्रदर्शनों के कारण करीब 2000 से अधिक भारतीय छात्र वहां फंसे हुए हैं। ईरान सरकार ने देश भर में बेकाबू होती स्थिति के मद्देनज़र इंटरनेट बंद कर दिया है। इंटरनेट बंद होने के कारण भारतीय छात्रों का उनके अभिभावकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। ऐसे में अभिभावकों की चिंता काफी बढ़ गई है। उन्होंने केंद्र सरकार से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

भारतीय दूतावास की एडवाइजरी और जरूरी हेल्पलाइन नंबर

भारतीय दूतावास ने ईरान की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए तेहरान स्थित एक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में वहां रह रहे भारतीय नागरिकों को प्रदर्शन वाली जगह जाने से बचने और जल्द ईरान छोड़ने की सलाह दी गई है। साथ ही उनको अपना पासपोर्ट व अन्य आईडी अपने साथ रखने को कहा गया है। इसके अलावे दूतावास ने भारतीयों के लिए कुछ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है जो इस प्रकार हैं। वहां रह रहे भारतीय छात्र, तीर्थयात्री, कारोबारी और पर्यटकों कों +989128109115, +989128109109, +989128109102 और +989932179359 पर संपर्क करने को कहा गया है। इसके अलावा दूतावास ने सहायता के लिए एक ईमेल आईडी cons.tehran@mea.gov.in जारी किया है।

बलूचिस्तान के गबद सीमा से घर लौटे 60 पाकिस्तानी छात्र

पाकिस्तान के एक आव्रजन अधिकारी ने बुधवार को बताया कि ईरान में अध्ययन कर रहे दर्जनों पाकिस्तानी छात्र दक्षिण-पश्चिमी सीमा के एक दूरस्थ रास्ते से अपने घर लौट आए हैं। क्वेटा शहर में संघीय जांच एजेंसी की प्रवक्ता समीना रायसानी ने बताया कि मंगलवार को लगभग 60 छात्र वैध यात्रा दस्तावेजों के साथ बलूचिस्तान प्रांत के गबद सीमा से पाकिस्तान में दाखिल हुए। उन्होंने कहा कि बाद में, बुधवार को उसी रास्ते से और भी छात्रों के लौटने की उम्मीद है। ईरान में पाकिस्तान के राजदूत मुदस्सिर टिपू ने मंगलवार को कहा था कि ईरानी विश्वविद्यालयों ने परीक्षाओं का कार्यक्रम बदल दिया है और अंतरराष्ट्रीय छात्रों को देश छोड़ने की अनुमति दे दी है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/unidentified-terrorists-blew-up-a-bridge-in-waziristan/104872

वजिरिस्तान में अज्ञात आतंकियों ने उड़ाया पुल, थमा इलाके का यातायात

Related to this topic: