नेपाल में हालिया घटनाक्रम के बाद लखीमपुर खीरी के गौरीफंटा बॉर्डर को सील कर दिया गया है। डीएम और एसपी ने सीमा पर पैदल गश्त कर हालात का जायजा लिया।
नेपाल में हालिया घटनाक्रम के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लखीमपुर खीरी के गौरीफंटा बॉर्डर को एहतियातन सील कर दिया गया है। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा देर शाम खुद सीमा पर पहुंचे। एसएसबी और पुलिस के साथ पैदल गश्त कर उन्होंने इलाके का जायजा लिया और स्थिति का निरीक्षण किया। सीमा सुरक्षा को लेकर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने हर संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही, ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना देने की अपील की गई है।