उत्तर प्रदेश में नगरीय बस, मेट्रो व रेल का टिकट की खरीद में डिजिटल पेमेंट योजना को बढ़ावा देने के लिए नगर विकास विभाग के नगरीय परिवहन निदेशालय और एसबीआई ने एक समझौता किया है।
यूपी में सिटी बस, मेट्रो टिकटों के लिए जारी होगा "नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड"
डिजिटल पेमेन्ट योजना के एसबीआई नगरीय परिवहन निदेशालय के बीच एम.ओ.यू.
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में नगरीय बस, मेट्रो व रेल का टिकट की खरीद में डिजिटल पेमेंट योजना को बढ़ावा देने के लिए नगर विकास विभाग के नगरीय परिवहन निदेशालय और भारतीय स्टेट बैंक ने एक समझौता ज्ञापन (एम.ओ.यू.) पर हस्ताक्षर किया है। इसके तहत विभिन्न सेवाओं व खरीददारी के भुगतान के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड जारी किया जाएगा।
यूपी में वर्तमान में लखनऊ समेत 15 शहरों में नगरीय परिवहन निदेशालय की ओर से ईवी व सीएनजी नगरीय बसों का संचालन किया जा रहा है। इस एमओयू के तहत जारी होने वाला कार्ड मेट्रो, बस, रेल एवं रिटेल व अन्य परिवहन नेटवर्क में भी कार्य करेगा जो नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड से जुड़े हैं। डिजिटल पेमेंट के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड बसों में परिचालक जारी करेंगे। हालांकि डिजिटल कार्ड के लिए यात्री रजिस्ट्रेशन पोर्टल से भी आवेदन कर सकेंगे। कार्ड का रिचार्ज पोर्टल व बसों पर परिचालकों और काउंटर से भी हो सकेगा। कार्ड क्रियाशील होने में करीब 6 माह लग सकते हैं। कार्ड केवाईसी के बाद ही मिलेगा। इस कार्ड से टिकट लेने पर यात्रियों को 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इस एम.ओ.यू. के अन्तर्गत कैशलेस, कान्टेक्टलेस, सुरक्षित एवं आसान भुगतान की सुविधा नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के माध्यम से प्राप्त होगी।
यूपी के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित ‘निधि प्रबंध समिति’ की बैठक में लिये गये निर्णय के क्रम में प्रमुख सचिव, नगर विकास विभाग, उ.प्र. शासन के निर्देश पर गुरूवार को नगरीय परिवहन निदेशालय की ओर से निदेशक/विशेष सचिव, नगर विकास विभाग, उ0प्र0 महेन्द्र बहादुर सिंह, एवं भारतीय स्टेट बैंक की ओर से डी.जी.एम. धीरज कुमार ने एम.ओ.यू. (Memorandum of Understanding) पर हस्ताक्षर किये गये। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक, जयदीप वर्मा, सहायक निदेशक, ए.के. सिंह,सहायक महाप्रबन्धक सुबोध कटियार एवं सहायक महाप्रबन्धक, भारतीय स्टेट बैंक मनुज खन्ना, उपस्थित रहे।
वर्तमान में प्रदेश के 15 शहरों यथाः- लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, आगरा, मथुरा-वृन्दावन, शाहजहाँपुर, बरेली, मुरादाबाद, गाजियाबाद, अलीगढ़, गोरखपुर, अयोध्या एवं झाँसी में नगरीय परिवहन निदेशालय द्वारा एस.पी.वी. के माध्यम से इलेक्ट्रिक व सी.एन.जी. नगरीय बसों का संचालन कराया जा रहा है।
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड नगरीय परिवहन निदेशालय द्वारा भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से किया जा रहा है। नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड एस.पी.वी. द्वारा निर्धारित काउन्टर्स से एवं बसों में परिचालकों द्वारा निर्गत किये जायेंगे। डिजिटल कार्ड के लिए यात्रियों द्वारा रजिस्ट्रेशन ऑनलाईन पोर्टल के माध्यम से भी किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त सम्बन्धित एस.पी.वी. में संचालित काउन्टर्स पर के.वाई.सी. की सुविधा उपलब्ध होगी।