वैश्विक स्तर पर जारी सियासी उठापटक और ग्लोबल मार्केट से नेगेटिव संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार सोमवार को हफ्ते के पहले कारोबारी दिन गिरावट के साथ बंद हुए।
हफ्ते के पहले दिन शेयर बाजार गिरावट
वैश्विक स्तर पर जारी सियासी उठापटक और ग्लोबल मार्केट से नेगेटिव संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार सोमवार को हफ्ते के पहले कारोबारी दिन गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिकी टैरिफ संबंधी अनिश्चितताओं के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, इटरनल और आईसीआईसीआई बैंक जैसी दिग्गज कंपनियों के कमजोर तिमाही नतीजों और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने इस गिरावट में अहम भूमिका निभाई। कारोबार के अंत में 30 संवेदी सूचकांक वाला सेंसेक्स सोमवार को 0.39 प्रतिशत या फिर 324.17 अंक की गिरावट के बाद 83,246.18 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 108.85 अंक या फिर 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25585.50 अंक पर बंद हुआ है।
ब्रॉडर मार्केट में गिरावट जारी
ब्रॉडर मार्केट में भी आज गिरावट का रूख रहा। खासतौर से स्मॉलकैप शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली। बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 1.24 फीसदी लुढ़क गया। वहीं बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.43 फीसदी गिरकर बंद हुआ। निफ्टी बैंक भी 204 अंक टूटकर 59,891 के स्तर पर बंद हुआ। मुद्रा बाजार में भारतीय रुपये में आज फिर गिरावट दिखी। रूपया एक महीने में दूसरी बार 91 डॉलर के स्तर को पार कर गया। बाजार बंदी के समय अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 14 पैसे गिरकर 90.92 (अस्थायी) पर बंद हुआ। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.22 प्रतिशत गिरकर 63.35 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया।
शेयर मार्केट में आज की गिरावट से निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.22 लाख करोड़ रुपये की कमी आयी। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 465.32 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 467.84 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 1.22 लाख करोड़ रुपये कम हुआ है।
शेयरों में गिरावट, FII बिकवाली जारी
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 4,346.13 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,935.31 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,483 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,229 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 3,072 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 182 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 97 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 438 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
निफ्टी के 50 में से 30 शेयर आज लाल निशान में बंद हुए। यह बताता है कि निवेशक अभी रिस्क लेने से बच रहे हैं। अधिकतर सेक्टोरल इंडेक्स भी दबाव में रहे। FMCG और ऑटो को छोड़कर बाकी सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई सेंसेक्स में आज गिरने और चढ़ने वाले शेयर लगभग फिफ्टी फिफ्टी रहे। बीएसई के 30 में से 16 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें इंडिगो के शेयरों में 3.97 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर 2.02 फीसदी से लेकर 2.85 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी 14 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 3.04 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं आईसीआईसीआई बैंक, इटरनल , टाइटन और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में 1.39 फीसदी से लेकर 2.26 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़े: ग्वाटेमाला में 30 दिन आपातकाल
https://www.primenewsnetwork.in/india/guatemala-declares-30-day-emergency/105517