सड़क हादसे में छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है।
बिजनौर: सड़क हादसे में छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल गांव पहुंच गया। वहीं, नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद के प्रतिनिधि विवेक सेन भी मौके पर पहुंचे। परिजन हादसे के बाद फरार हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
ट्यूशन से घर लौटते समय हुआ हादसा
दरअसल, जनपद बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र के फव्वारा चौक पर सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्रा भावना की मौत हो गई थी। छात्रा ट्यूशन पढ़कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान फव्वारा चौक पर एक वाहन चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया था।
आरोपी की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने पर अड़े परिजन
आज पोस्टमार्टम के बाद भावना का शव गांव पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उनकी मांग है कि हादसे को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। मामले में पुलिस ने मृतका के चाचा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद के प्रतिनिधि विवेक सेन भी मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ खड़े नजर आए।
गांव में जुटी ग्रामीणों की भीड़
फिलहाल भावना के अंतिम संस्कार को लेकर पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी हुई है। पुलिस और परिजनों के बीच बातचीत जारी है। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
ये भी पढ़ें: सैफई में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल 16 वर्षीय छात्र की उपचार के दौरान मौत