राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के बयान पर जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने प्रतिक्रिया दी है.
Mehbooba Mufti : राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के बयान पर जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि अजित डोभाल जैसे उच्च पद पर बैठे अधिकारी, जिनकी जिम्मेदारी देश को आंतरिक और बाहरी साजिशों से बचाने की है, उन्होंने नफरत से जुड़ी एक सांप्रदायिक सोच का साथ चुना है और मुसलमानों के खिलाफ हिंसा को सामान्य बनाने की कोशिश की है.
उन्होंने लिखा कि 21वीं सदी में सदियों पुरानी घटनाओं के नाम पर बदले की बात करना महज एक संकेत है, जो गरीब और अशिक्षित युवाओं को उकसाकर उस अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाने के लिए प्रेरित करता है, जो पहले से ही हर तरफ से हमलों का सामना कर रहा है.
अजित डोभाल का बयान
अजित डोभाल ने अपने संबोधन में कहा था कि आज का स्वतंत्र भारत हमेशा से उतना स्वतंत्र नहीं था, जितना अब दिखाई देता है. इसके लिए हमारे पूर्वजों ने बड़े बलिदान दिए. उन्होंने गहरे अपमान सहे और लंबे समय तक बेबसी के दौर देखे. कई लोगों को फांसी पर चढ़ाया गया. हमारे गांव जलाए गए. हमारी सभ्यता को नष्ट किया गया. हमारे मंदिरों को लूटा गया और हम मूक दर्शक बनकर देखते रह गए. यह इतिहास आज के भारत के हर युवा के सामने एक चुनौती रखता है, जिसके भीतर यह आग होनी चाहिए.
अजित डोभाल ने कहा था कि बदला शब्द शायद सही न लगे, लेकिन बदला अपने आप में एक बड़ी ताकत है. हमें अपने इतिहास के लिए बदला लेना होगा. हमें इस देश को उस स्थिति तक वापस ले जाना है, जहां हम अपने अधिकारों, अपने विचारों और अपने विश्वासों के आधार पर एक महान भारत का निर्माण कर सकें.
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/terrorist-masood-azhar-says-in-audio-we-have-thousands-of-suicide-bombers/104497