प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के तटीय शहर नीस पहुंचने के साथ दो देशों के अपने हाई-प्रोफाइल यूरोपीय दौरे की शुरुआत हो गई है।
नीस (फ्रांस): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के तटीय शहर नीस पहुंचने के साथ दो देशों के अपने हाई-प्रोफाइल यूरोपीय दौरे की शुरुआत हो गई है। इस दौरे में द्विपक्षीय बातचीत, नई टेक्नोलॉजी से जुड़े कार्यक्रम और G7 समिट में भारत की भागीदारी शामिल है। नीस पहुंचने पर फ्रांस के वरिष्ठ अधिकारियों ने PM मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। फ्रांस दौरे के बाद PM मोदी स्लोवाकिया जाएंगे। फिर फ्रांस लौटकर एवियन में होने वाले G7 समिट में भाग लेंगे।
मैक्रों के साथ होगी उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक
नीस दौरे का एक मुख्य आकर्षण PM मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच 14 जून को होने वाली उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय बैठक है। साथ ही दोनों नेता संयुक्त रूप से 'भारत इनोवेट्स 2026' की शुरुआत करेंगे। तीन दिन चलने वाले इस इनोवेशन सम्मेलन का मकसद भारत, फ्रांस और कई अन्य देशों के स्टार्टअप्स और वेंचर कैपिटल फंड्स को एक साथ लाना है।
स्लोवाकिया की आजादी के बाद पहली बार पहुंचेंगे भारतीय PM
PM मोदी की स्लोवाकिया की यात्रा काफी अहम है, क्योंकि 1993 में स्लोवाकिया की आज़ादी के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी। ब्रातिस्लावा में PM मोदी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ उच्चस्तरीय बातचीत करेंगे और प्रमुख कॉरपोरेट लीडर्स से भी मिलेंगे। 16 जून को PM मोदी फ्रांस लौटेंगे और एवियन में होने वाले G7 समिट में हिस्सा लेंगे।
17 जून को ट्रंप और PM मोदी की हो सकती है मुलाकात
17 जून को समिट से इतर एक अहम बैठक होने की उम्मीद है, जिसमें पीएम मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात हो सकती है। यूरोप दौरे के आखिरी चरण में पीएम मोदी 18 जून को पेरिस पहुंचेंगे। जहां राष्ट्रपति मैक्रों के साथ प्रधानमंत्री 'VivaTech 2026' टेक एग्ज़िबिशन में शामिल होंगे और भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत करेंगे।