विराट कोहली के शानदार शतक के बावजूद भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे में कीवी टीम ने भारत को 41 रनों से हराकर सीरीज जीत ली
कीवी बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन
न्यूजीलैंड की ओर से डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने शानदार पारियां खेलीं और भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। दोनों बल्लेबाजों की शतकीय पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। भारत को जीत के लिए 338 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन पूरी टीम 46 ओवर में 296 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने 38 साल बाद भारत में वनडे सीरीज अपने नाम की, जबकि भारत ने सात साल बाद घरेलू सरजमीं पर कोई वनडे सीरीज गंवाई।
38 साल का इंतजार हुआ खत्म
तीन मैचों की सीरीज को न्यूजीलैंड ने 2-1 से अपने नाम किया। यह भारत में न्यूजीलैंड की आठ दौरों के बाद पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत है। इससे पहले 1988 से टीम को लगातार निराशा हाथ लगती रही थी। इस हार के साथ भारत को इंदौर के होलकर स्टेडियम में भी पहली बार वनडे मैच में शिकस्त झेलनी पड़ी। इससे पहले टीम इंडिया यहां लगातार सात वनडे मुकाबले जीत चुकी थी।
टॉस जीतकर भारत ने चुनी गेंदबाजी
सीरीज डिसाइडर मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने पूरे 50 ओवर खेलते हुए 337 रन बनाए। डैरिल मिचेल ने 137 रन और ग्लेन फिलिप्स ने 106 रन की शानदार शतकीय पारियां खेलीं। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने 3-3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाया भारत
338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम शुरू से ही संघर्ष करती नजर आई। लगातार विकेट गिरने से रनचेज दबाव में आ गया। विराट कोहली ने एक छोर संभालते हुए शानदार शतक जड़ा और 124 रन की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। नितीश कुमार रेड्डी ने 53 रन और हर्षित राणा ने 52 रन की पारी खेलकर कुछ देर तक उम्मीद जगाई, लेकिन बढ़ता रनरेट और गिरते विकेट टीम पर भारी पड़ गए।
कीवी गेंदबाजों ने कसी लगाम
न्यूजीलैंड की ओर से जैक फोक्स और क्रिस्टियन क्लार्क ने 3-3 विकेट झटके, जबकि जेडन लेनक्स को 2 विकेट मिले। आखिरकार तमाम कोशिशों के बावजूद भारतीय टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और 41 रनों से मुकाबला हार गई। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने भारत की सरजमीं पर 38 साल बाद ऐतिहासिक वनडे सीरीज जीत दर्ज की।
यह भी पढ़े: ब्रिटेन ने कहा- ग्रीनलैंड का भविष्य...
https://www.primenewsnetwork.in/world/britain-opposes-tariffs-on-nato-allies/105369