प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

शुभेंदु अधिकारी की ममता को चुनौती: विपक्षी नेता

विपक्षी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती

BJP नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के बेहला में जुलूस निकाला और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व TMC को चुनौती दी, कहा: कार्यक्रम रोककर दिखाएं।

विपक्षी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती

Mamata Banerjee |

ममता बनर्जी को शुभेंदु अधिकारी की चुनौती

भारतीय जनता पार्टी और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के बेहला इलाके में अपने नेतृत्व में जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उनके कार्यक्रमों को रोककर दिखाएं।

भाजपा ने दिखाई ताकत

बेहला के सखेर बाजार इलाके में भाजपा की ओर से एक सभा आयोजित की गई। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भाजपा अब टीएमसी के “इलाके” में प्रवेश कर चुकी है और पार्टी टीएमसी की कथित गुंडागर्दी के सामने झुकने वाली नहीं है।

सभा से पहले कार्यकर्ताओं में झड़प

सभा से पहले भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच तनाव देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ता जब पार्टी के झंडे लगा रहे थे, तब टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई।

टीएमसी काउंसलर के कार्यालय में तोड़फोड़

झड़प के बाद गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभास्थल से कुछ दूरी पर स्थित टीएमसी काउंसलर के कार्यालय में तोड़फोड़ की। इसके बावजूद भाजपा की सभा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हुई।

सभा में शामिल हुए त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री

भाजपा की सभा में मुख्य वक्ता के रूप में पार्टी नेता और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देव शामिल हुए। उनके कार्यक्रम समाप्त कर लौटने के बाद स्थिति फिर तनावपूर्ण हो गई।

भाजपा मंच जलाने का आरोप

भाजपा का आरोप है कि बिप्लब देव के चले जाने के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं ने सभा के मंच में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई।

रात में निकाला गया विरोध जुलूस

मंच जलाने और भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले के विरोध में शुभेंदु अधिकारी ने उसी रात अपने नेतृत्व में जुलूस निकाला। उन्होंने कहा कि यह घटनाएं टीएमसी की हिंसक राजनीति को उजागर करती हैं।


विधानसभा चुनाव को लेकर दावा

शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी सत्ता से बाहर हो जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि वे पहले नंदीग्राम विधानसभा सीट से ममता बनर्जी को हरा चुके हैं और इस बार भवानीपुर सीट से भी उनकी हार तय है।

टीएमसी का जवाब

वहीं, टीएमसी के प्रवक्ता ने कहा कि स्थानीय लोगों में चुनाव आयोग के रवैये और उसे समर्थन देने वाली भाजपा के खिलाफ गुस्सा है। इसी नाराजगी के चलते लोगों ने भाजपा के मंच को नुकसान पहुंचाकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से आत्ममंथन करने की अपील की।

यह भी पढ़े: आनंदपुर अग्निकांड: 8 झुलसे शव मिले, तलाश जारी

https://www.primenewsnetwork.in/india/anandpur-fire-8-burnt-bodies-found-search-on/130719

Related to this topic: