नई दिल्ली: केंद्र सरकार की ओर से जीएसटी में दी गई राहत का असर ऑटो सेक्टर में साफ दिखाई देने लगा है।
मारुति शीर्ष पर, लेकिन बिक्री रही स्थिर
केंद्र सरकार की ओर से जीएसटी में दी गई राहत का असर ऑटो सेक्टर में साफ दिखाई देने लगा है। जनवरी महीने में पैसेंजर वाहनों की थोक बिक्री सालाना आधार पर 12.6 फीसदी बढ़कर 4.55 लाख यूनिट के पार पहुंच गई। इस दौरान बाजार में एसयूवी और इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी लगातार बढ़ती नजर आई। बिक्री के मामले में मारुति सुजुकी ने अपनी शीर्ष स्थिति बनाए रखी, हालांकि कंपनी की कुल बिक्री में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिला। कंपनी की कुल बिक्री में 43 फीसदी हिस्सा एसयूवी का रहा।
मारुति सुजुकी इंडिया ने बताया कि जनवरी में उसने डीलरों को 1,74,529 पैसेंजर गाड़ियां भेजीं, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 1,73,599 यूनिट था।
टाटा मोटर्स में जबरदस्त उछाल
मासिक आधार पर देखें तो टाटा मोटर्स की बिक्री सबसे ज्यादा रही। कंपनी की पैसेंजर वाहन बिक्री 46 फीसदी बढ़कर 70,222 यूनिट तक पहुंच गई। वहीं, एसयूवी निर्माता महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू बिक्री में 25 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई और यह 63,510 यूनिट पर पहुंच गई।
सरकार की नजर, ग्राहकों तक पहुंचे जीएसटी राहत
फाडा एकेडमी एंड रिसर्च के चेयरमैन मनीष राज सिंघानिया के मुताबिक सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि जीएसटी में दी गई राहत का फायदा सीधे ग्राहकों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि इसका असर बाजार में दिख रहा है। ग्राहक आधार बढ़ रहा है और 6–7 लाख रुपये की एंट्री-लेवल कारों की बिक्री में भी पहले के मुकाबले इजाफा हुआ है। बिक्री बढ़ने की उम्मीद में डीलर्स भी ज्यादा गाड़ियां उठा रहे हैं।
अन्य कंपनियों की बिक्री में भी सुधार
जनवरी के दौरान मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और हुंडई मोटर इंडिया की बिक्री में अच्छी बढ़त देखने को मिली। हुंडई मोटर इंडिया की बिक्री 9 फीसदी बढ़कर 59,107 यूनिट हो गई, जबकि पिछले साल इसी महीने यह 54,003 यूनिट थी।
टोयोटा, किआ और रेनो में भी बढ़त
टोयोटा ने बिक्री में 17 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की। किआ इंडिया की बिक्री 10 फीसदी बढ़कर 27,603 यूनिट रही। वहीं रेनो इंडिया की बिक्री में 34 फीसदी का उछाल देखने को मिला। दोपहिया वाहन बाजार में भी अच्छी तेजी दर्ज की गई। हीरो मोटोकॉर्प की बिक्री 26 फीसदी बढ़कर 5,20,208 यूनिट रही। रॉयल एनफील्ड की घरेलू बिक्री में 16 फीसदी की बढ़त हुई और कंपनी ने 93,781 यूनिट बेचीं। टीवीएस मोटर कंपनी की बिक्री भी 30 फीसदी बढ़कर 3,83,262 यूनिट पर पहुंच गई।
आगे बढ़ सकती हैं कारों की कीमतें
मार्केट से जुड़े लोगों के मुताबिक आने वाले 1–2 महीनों में कंपनियां कारों की कीमतों में 2 से 3 फीसदी तक बढ़ोतरी कर सकती हैं। इसके पीछे एल्युमिनियम, सेमीकंडक्टर, प्लेटिनम और रेयर अर्थ मेटल जैसे कच्चे माल की बढ़ती कीमतों को वजह बताया जा रहा है।
यह भी पढ़े: यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा की तारीख तय
https://www.primenewsnetwork.in/india/up-police-constable-exam-date-announced/131858