प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

AI के दुरुपयोग पर केंद्रीय मंत्री ने दर्ज कराई FIR

पीयूष गोयल का बड़ा आरोप: AI से बनाया गया डीपफेक वीडियो, FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के डीपफेक वीडियो पर मचा बवाल। AI के जरिए बयान बदलने के मामले में चाणक्यपुरी थाने में FIR दर्ज, मंत्री ने दी सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी।

पीयूष गोयल का बड़ा आरोप ai से बनाया गया डीपफेक वीडियो fir दर्ज कर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Piyush Goyal Alleges AI Deepfake, FIR Registered (File Photo) |

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को आरोप लगाया कि संसद के बाहर मीडिया से कही गई उनकी बातों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर गलत तरीके से बदला गया और एक डीपफेक वीडियो बनाकर फैलाया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है।

पुलिस थाने में मामला दर्ज

गोयल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और 25 जुलाई सुबह 4:35 बजे चाणक्यपुरी पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है। गोयल ने पोस्ट में कहा, "गलत जानकारी फैलाने की कोशिश में, संसद के बाहर मीडिया से कही गई मेरी बातों को AI का इस्तेमाल कर गलत तरीके से बदला गया और एक डीपफेक वीडियो बनाकर फैलाया गया।"

सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस कथित फर्जी वीडियो को बनाने, फैलाने या आगे बढ़ाने में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा, "जनता को गुमराह करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है और न ही किया जाएगा।" गोयल ने लोगों से यह भी अपील की कि वे जानकारी के लिए केवल वेरिफाइड और भरोसेमंद स्रोतों पर ही भरोसा करें।

छात्रों से जुड़े वायरल वीडियो का सच

उन्होंने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि भारत के जागरूक और टेक्नोलॉजी की समझ रखने वाले नागरिक, खासकर हमारे युवा, ऐसी गलत जानकारी का शिकार नहीं बनेंगे।" गौरतलब है कि सरकार ने कल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को भी गलत बताया, जिसमें दावा किया गया था कि गोयल ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बारे में धमकी भरी बातें कही थीं।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: पीयूष गोयल और स्पेन के मंत्री ने व्यापार व निवेश संबंध मजबूत करने पर की चर्चा

Related to this topic: