रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' की रिलीज़ से पहले श्री रामलीला महासंघ ने विशेष प्रीव्यू स्क्रीनिंग की मांग की है। संगठन ने धार्मिक भावनाओं से जुड़े संभावित आपत्तिजनक दृश्यों की जांच की बात कही है।
नई दिल्ली (भारत)। रणबीर कपूर स्टारर और नितेश तिवारी निर्देशित बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' की रिलीज़ से पहले इसे लेकर एक नया विवाद खड़ा होता दिख रहा है। श्री रामलीला महासंघ ने फिल्म निर्माताओं से मांग की है कि दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज़ से पहले संगठन के प्रतिनिधिमंडल को फिल्म की विशेष प्रीव्यू स्क्रीनिंग दिखाई जाए।
मेकर्स को भेजा औपचारिक पत्र
महासंघ का कहना है कि ऐसा किसी भी संभावित पत्तिजनक दृश्य या संवाद की पहचान कर उसे समय रहते हटाने के लिए जरूरी है, ताकि धार्मिक भावनाएं आहत न हों। रामलीला महासंघ के अनुसार, श्री रामलीला महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने 'रामायण' के फिल्म निर्माताओं को एक औपचारिक पत्र लिखा है। इसमें मांग की गई है कि इस दिवाली पर भारत और विदेशों में थिएटर में रिलीज़ होने से पहले महासंघ के एक प्रतिनिधिमंडल के लिए फिल्म की स्क्रीनिंग की जाए।
आदिपुरुष विवाद का हवाला
निर्देशक नितेश तिवारी और फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी को लिखे अपने पत्र में, अर्जुन कुमार ने पहले की मेगा-बजट फिल्म 'आदिपुरुष' से जुड़े विवाद का ज़िक्र किया। फिल्म के रिलीज़ होने के बाद सनातन समुदाय के सदस्यों और पारंपरिक रामलीला प्रदर्शनों से जुड़े लोगों ने कई आपत्तियां जताई थीं।
लंका और रावण के चित्रण पर आपत्ति
प्रेस नोट के अनुसार, उठाई गई चिंताओं में "लंका को सोने के बजाय काले रंग में दिखाना और रावण व उसकी सेना को पारंपरिक मान्यताओं के विपरीत दिखाना" शामिल था, जिसका असर फिल्म के बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस पर भी पड़ा।
आपत्तिजनक सीन हटाने की मांग
प्रेस नोट में अर्जुन कुमार के हवाले से कहा गया, "महासंघ को मिली जानकारी के अनुसार, 'रामायण' में कुछ ऐसे दृश्य हो सकते हैं जो भारत और विदेशों में रहने वाले हिंदुओं की भावनाओं को आहत कर सकते हैं। इसे देखते हुए, संगठन ने एक स्पेशल प्रीव्यू स्क्रीनिंग की मांग की है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि रिलीज़ से पहले किसी भी संभावित आपत्तिजनक दृश्य या संवाद की पहचान करके उन्हें हटाया जा सके।"
मांग नहीं मानी तो प्रदर्शन की चेतावनी
श्री रामलीला महासंघ के अध्यक्ष ने यह भी चेतावनी दी कि अगर मेकर्स इस अनुरोध को नहीं मानते हैं, तो श्री रामलीला महासंघ, कई हिंदू संगठनों के साथ मिलकर, दिल्ली और दूसरे राज्यों में सिनेमा हॉल के बाहर विरोध-प्रदर्शन करेगा। (Source: ANI)
यह भी पढ़ें: सिंगरौली जिला अस्पताल में 1 साल के मासूम की मौत, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल