भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश भर में बैंक और NBFC का बकाया कर्ज माफी को लेकर चल रहे झूठे विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील की है।
मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश भर में विभिन्न मीडिया चैनलों, सोशल मीडिया और सीधे संपर्क के जरिए बैंकों व नॉन बैंकिंग फाइनेंस (NBFC) कंपनियों का बकाया कर्ज माफी को लेकर चल रहे झूठे विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील की है। रिजर्व बैंक (RBI) ने आम जनता को उन गुमराह करने वाले विज्ञापनों और कैपेन से सावधान रहने को कहा है, जो लोन माफी का झूठा वादा कर रहे हैं। आरबीआई ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे लोगों या संस्थाओं के झांसे में न आएं और उनसे दूरी बना कर रखें।
फर्जी सर्टिफिकेट और फीस के नाम पर ठगी का खुलासा
"इकाॅनामिक टाइम्स" की रिपोर्ट के अनुसार रिजर्व बैंक ने पाया है कि कुछ लोग और कंपनियां अलग-अलग मीडिया चैनलों, सोशल मीडिया और सीधे संपर्क के जरिए लगातार कर्ज माफी को लेकर कैंपेन चला रहे हैं। आरबीआई ने इस पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा, ऐसे विज्ञापनों में बैंकों या NBFC का बकाया कर्ज माफ करने का झूठा वादा किया जाता है। ये लोग लोन माफी सर्टिफिकेट या ऐसे ही दूसरे फर्जी कागजात जारी करते हैं। इसके बदले में ये लोगों से सर्विस चार्ज या कानूनी फीस के नाम पर पैसे भी वसूलते हैं।
ऐसे झांसे से दूर रहने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
आरबीआई ने कहा है, ऐसी सेवाएं देने का दावा करने वाले लोग या कंपनियां पूरी तरह झूठी और गुमराह करने वाली हैं। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। रिजर्व बैंक ने कहा कि ऐसी हरकतों से बैंकों की साख खराब होती है। वहां पैसा जमा करने वालों के हितों को नुकसान पहुंचता है। इनके चक्कर में पड़ने वाले लोगों को सीधे तौर पर पैसों का नुकसान हो सकता है। आरबीआई ने कहा, ऐसे किसी भी व्यक्ति या संस्था के संपर्क में न आएं और न ही उनकी सेवाएं लें।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/bengal-ceo-submits-election-gazette-notification-to-governor/183134
बंगालः सीईओ ने राज्यपाल को सौंपा चुनाव में परिणाम संबंधित गजेट नोटिफिकशन