प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

ऐतिहासिक मतदान का समापन

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग, मतदाताओं ने रचा नया इतिहास

विधानसभा चुनावों के लिए मतदान गुरुवार शाम 6 बजे समाप्त हो गया है। पश्चिम बंगाल में 91.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि तमिलनाडु में 84.80 प्रतिशत मतदान हुआ।

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग मतदाताओं ने रचा नया इतिहास

Record Voter Turnout in West Bengal and Tamil Nadu |

नई दिल्ली। विधानसभा चुनावों के लिए मतदान गुरुवार शाम 6 बजे समाप्त हो गया है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक पहले चरण के मतदान में पश्चिम बंगाल में 91.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि तमिलनाडु में 84.80 प्रतिशत मतदान हुआ।

चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान पर जताई खुशी

उच्च मतदान प्रतिशत यह दिखाता है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण और सक्रिय तरीके से संपन्न हुआ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि, "स्वतंत्रता के बाद से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत दर्ज हुआ है। चुनाव आयोग दोनों राज्यों के हर मतदाता को सलाम करता है।"

पश्चिम बंगाल में 90% से ज्यादा मतदान का रिकॉर्ड

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। दक्षिण दिनाजपुर में सबसे अधिक 94.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद कूच बिहार में 94.54 प्रतिशत, बीरभूम में 93.70 प्रतिशत, जलपाईगुड़ी में 93.23 प्रतिशत और मुर्शिदाबाद में 92.93 प्रतिशत मतदान हुआ। ये आंकड़े दिखाते हैं कि पूरे राज्य में मतदाताओं की भागीदारी लगातार ऊंची रही और सभी प्रमुख जिलों में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।

तमिलनाडु में भी कई जिलों ने पार किया 90% का आंकड़ा

तमिलनाडु में भी कई जिलों में अच्छा मतदान दर्ज किया गया। करूर में सबसे अधिक 92.48 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद सलेम में 90.42 प्रतिशत, धर्मपुरी में 90.02 प्रतिशत, इरोड में 89.97 प्रतिशत और नामक्कल में 89.63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। साल 2021 के विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में 85.2 प्रतिशत और तमिलनाडु में 76.6 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार के आंकड़े दोनों राज्यों में मतदान के प्रति लोगों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाते हैं।

गुजरात-महाराष्ट्र हुए उपचुनाव के आंकड़े

इस बीच, उपचुनावों में गुजरात के उमरेठ विधानसभा क्षेत्र में 59.04 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं महाराष्ट्र के राहुरी में 55.70 प्रतिशत और बारामती में 57.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों और पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ था। पश्चिम बंगाल की बाकी 142 सीटों पर 29 मई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/8-dead-as-vehicle-plunges-into-deep-gorge-in-tehri-garhwal/178619

टिहरी गढ़वाल में 300 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी, 8 की मौत व दो घायल

Related to this topic: