सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर डेब्यू कर अपनी आने वाली संस्मरण पुस्तक 'Belonging: A Journey of Love' का पहला लुक शेयर किया। 10 नवंबर को रिलीज होने वाली इस किताब पर राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी।
नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कदम रख दिया है। अपने पहले इंस्टाग्राम पोस्ट और वीडियो में उन्होंने अपनी बहुप्रतीक्षित संस्मरण पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) की पहली झलक साझा की।
"प्यार, कर्तव्य और नुकसान की कहानी"
सोनिया गांधी ने अपनी पहली पोस्ट में देश और दुनिया भर के पाठकों के प्रति आभार जताया।
कैप्शन में उन्होंने लिखा, "नमस्ते, आप सभी के साथ अपनी किताब 'Belonging: A Journey of Love' की पहली झलक साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है।"
उन्होंने आगे लिखा, "यह प्यार, कर्तव्य, निजी नुकसान और अपनापन खोजने के सफर की कहानी है। मैं इसे आप सभी के साथ साझा करने को लेकर बेहद उत्सुक हूं।"
इटली से भारत तक का अनदेखा सफर
यह किताब सोनिया गांधी के पूरे जीवन चक्र को करीब से बयां करती है। इसमें द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में बीता उनका बचपन, इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से हुई मुलाकात और फिर भारत आने की पूरी दास्तान दर्ज है।
इसके साथ ही, संस्मरण में उन दुखद घटनाओं का भी उल्लेख है जिन्होंने उनके जीवन को बदल दिया—विशेष रूप से उनकी सास व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके पति राजीव गांधी की हत्या का दौर।
79 वर्षीय कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के नाम पार्टी की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने का रिकॉर्ड दर्ज है।
10 नवंबर को बाजार में आएगी किताब
अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन समूह 'पेंगुइन रैंडम हाउस' के विभाग 'अल्फ्रेड ए. नॉफ' (Alfred A Knopf) ने इस किताब के प्रकाशन की घोषणा की थी। यह पुस्तक इसी साल 10 नवंबर को बाजार में उपलब्ध होगी।
उल्लेखनीय है कि 1965 में 19 वर्ष की उम्र में सोनिया गांधी की मुलाकात कैम्ब्रिज में अध्ययन के दौरान राजीव गांधी से हुई थी। इसके बाद 25 फरवरी 1968 को दोनों परिणय सूत्र में बंधे थे।
राहुल गांधी ने जताया गर्व
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के मौके पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी अपनी मां की इस किताब पर गहरी खुशी व्यक्त की थी।
राहुल ने कहा था, "मुझे बेहद खुशी और गर्व है कि आपकी कहानी आखिरकार उन करोड़ों लोगों तक पहुंचेगी जो आपसे प्यार करते हैं। मैं जानता हूं कि आप जैसी बेहद निजी स्वभाव वाली शख्सियत के लिए अपनी कहानी दुनिया के सामने रखना कितना मुश्किल रहा होगा। आज पापा जहां भी होंगे, मुस्कुरा रहे होंगे और अपनी सोनिया पर गर्व महसूस कर रहे होंगे।"
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी की नागरिकता और मतदाता सूची मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट करेगा नए सिरे से सुनवाई