स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड के बैंक खाते से 7.80 करोड़ रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। रकम 82 खातों में ट्रांसफर हुई है।
नई दिल्ली। डिजिटल बैंकिंग के दौर में वित्तीय संस्थानों पर साइबर हमलों का खतरा लगातार गहराता जा रहा है। इसी कड़ी में स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल लिमिटेड के साथ बड़ा साइबर फ्रॉड सामने आया है, जहां कंपनी के एक बैंक खाते से अनधिकृत तरीके से लगभग 7.80 करोड़ रुपये उड़ा लिए गए। यह रकम 82 अलग-अलग लाभार्थी खातों में ट्रांसफर की गई है।
कंपनी द्वारा नियामक को दी गई जानकारी के अनुसार, इस साल 1 नवंबर को एक बैंक खाते से संदिग्ध ट्रांजैक्शन का पता चला। खाते से अवैध रूप से निकाली गई यह भारी-भरकम रकम कई अलग-अलग खातों में भेजी गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही कंपनी ने अपनी आंतरिक प्रणालियों में प्रभावित सेवाओं को तुरंत रोक दिया और संबंधित बैंक को सूचित कर दिया।
खाता फ्रीज करने की मांग
कंपनी ने बैंक से ट्रांजैक्शन को वापस लेने (रिवर्सल), सभी लाभार्थी खातों को तुरंत फ्रीज करने और मामले की गहन जांच कराने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी आधिकारिक शिकायत दर्ज करा दी गई है और अन्य संबंधित नियामक प्राधिकरणों को भी मामले से अवगत कराया जा रहा है। कंपनी के पास साइबर फ्रॉड बीमा कवर है, जिसके तहत बीमा कंपनी से क्लेम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बढ़ रहा साइबर हमलों का खतरा
वित्तीय क्षेत्र में यह अकेली घटना नहीं है। पिछले सप्ताह ही एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने थर्ड-पार्टी सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म से जुड़े डेटा लीक की आशंका जताई थी, जिससे वाहन ऋण ग्राहकों की जानकारी प्रभावित होने की बात सामने आई थी। हालांकि बैंक ने स्पष्ट किया था कि उसका मुख्य बैंकिंग सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित है। इसी तरह, इससे पहले एसबीआई के भी कुछ ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक होने की बात सामने आई थी, जिसकी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई गई थी।
शेयरों में आई गिरावट
इस साइबर धोखाधड़ी और सुरक्षा उल्लंघन की खबर सामने आते ही शेयर बाजार में स्पंदना स्फूर्ति के शेयरों पर दबाव देखने को मिला। दोपहर 1:39 बजे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी का शेयर करीब दो प्रतिशत की कमजोरी के साथ 185.85 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। कंपनी का कहना है कि जांच के नतीजों और रिकवरी से जुड़ी हर नई अपडेट की जानकारी स्टॉक एक्सचेंज को दी जाएगी।
(इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने इंटरनेशनल साइबर फ्रॉड सिंडिकेट का किया भंडाफोड़, 5 बैंक अधिकारियों समेत 6 गिरफ्तार