बिजनौर के बढ़ापुर थाना क्षेत्र के धर्मूवाला गांव में बिजली का करंट लगने से यूपी पुलिस के आरक्षी राहुल कुमार की मौत हो गई। वह संभल जनपद में यूपी-112 सेवा में तैनात थे और छुट्टी लेकर घर आए हुए थे।
बिजनौर: यूपी 112 पर तैनात पुलिसकर्मी की बिजली का करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घर पर सरिया काटते समय ग्राइंडर में करंट उतर गया, जिसकी वजह से यूपी-112 में तैनात आरक्षी की मौत हो गई। पुलिस कर्मी छुट्टी लेकर अपने घर आया था। बिजनौर जनपद के थाना बढ़ापुर क्षेत्र के ग्राम जगन्नाथपुर मेहरू उर्फ धर्मूवाला निवासी उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक आरक्षी की बिजली का करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। आरक्षी संभल जनपद में यूपी-112 सेवा में तैनात था और अवकाश पर अपने घर आया हुआ था। जवान की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी घर पर सरिया काटने का काम कर रहा था। इसी दौरान सरिया काटने वाले ग्राइंडर में अचानक बिजली का करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से राहुल कुमार की मौत हो गई। परिजन और आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उसे चिकित्सक को दिखाया, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने थाना बढ़ापुर पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मृतक आरक्षी के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद संभल में तैनात आरक्षी राहुल कुमार की गांव धर्मूवाला में करंट लगने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें- जसवंतनगर रामलीला महोत्सव में शिवपाल यादव ने भाजपा पर साधा निशाना