भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तगड़ी गिरावट देखने को मिली। शेयर मार्केट में आज सुबह से ही माहौल कमजोर था। पहले घंटे में ही जोरदार बिकवाली दिखी।
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तगड़ी गिरावट देखने को मिली। शेयर मार्केट में आज सुबह से ही माहौल कमजोर था। पहले घंटे में ही जोरदार बिकवाली दिखी। दोपहर में एक बार बाजार संभलता दिखा। मंगलवार को निफ्टी एक्सपायरी के दिन दोपहर बाद फाइनेंशियल शेयरों में खरीदारी और मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों में रिकवरी से बाजार को अपनी कुछ नुकसान भरपाई करने में मदद मिली। लेकिन अंतत: सेंसेक्स में पिछले दो दिनों में 1000 अंक से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई।
शेयर बाजार में आज कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 436.41 अंक या 0.51% गिरकर 84,666.28 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 120.90 अंक या 0.47 फीसदी टूटकर 25,839.65 के स्तर पर बंद हुआ।
अमेरिकी फेड की कल होने वाली मीटिंग को लेकर निवेशक अभी भी सतर्क
बाजार के विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी फेड की कल आने वाली मीटिंग को लेकर निवेशक अभी भी सतर्क हैं। इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा भारत से चावल निर्यात पर और अधिक टैरिफ के एलान, लगातार विदेशी निवेशकों की बिकवाली से शेयर बाजार में गिरावट दिखी। रुपये का 90 के पार चला जाना भी बाजार का रूख खराब कर रहा है। मंगलवार की सुबह के कारोबार में मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे गिरकर 90.15 पर आ गया। हालांकि बाजार बंद होने के समय रूपया संभल कर 89.89 के स्तर पर बंद हुआ।
वित्तीय कंपनियों के शेयरों में निचले स्तर पर खरीदारी से निफ्टी बैंक सिर्फ 16 अंकों की गिरावट के साथ लगभग फ्लैट बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट ने भी शानदार रिकवरी की। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.60 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.27 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ।
सेक्टोरल इंडेक्स में मिलाजुला ट्रेंड देखने को मिला। आईटी और टेलीकॉम शेयरों में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली। वहीं फार्मा और ऑटो शेयरों के इंडेक्स भी लाल निशान में रहे। दूसरी ओर कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, PSU बैंक, मीडिया, केमिकल और रियल्टी शेयरों में शानदार खरीदारी देखने को मिली।
आज के चढ़ने वाले शीर्ष शेयर -
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 8 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें इटरनल के शेयरों में 2.26 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टाइटन, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और बजाज फिनसर्व के शेयर 0.36 फीसदी से लेकर 2.13 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
आज के गिरने वाले शीर्ष शेयर -
सेंसेक्स के बाकी 22 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इनमें सबसे अधिक एशियन पेंट्स के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। एशियन पेंट्स का शेयर 1.67 फीसदी गिरा। वहीं, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, टाटा स्टील और मारुति सुजुकी के शेयरों में 0.85 फीसदी से लेकर 1.66 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/fir-against-former-sdm-secretary-and-14-others-for-usurping-farmers-property/100553
कृषक की सम्पत्ति हड़पने के केस में पूर्व एसडीएम, सचिव समेत 14 के खिलाफ एफआईआर