प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच बड़ी खबरें

अमेरिका ने 30 दिन के लिए बढ़ाई रूस से तेल खरीद पर छूट

डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर हमले का प्लान एक बार फिर से टालने की घोषणा की है। साथ ही अमेरिका ने रूस से कच्चे तेल खरीदने पर लगे प्रतिबंधों में 30 दिनों की अस्थायी छूट देने की घोषणा की है।

अमेरिका ने 30 दिन के लिए बढ़ाई रूस से तेल खरीद पर छूट

US Extends Russian Oil Purchase Waiver by 30 Days |

नई दिल्ली। भारत समेत दुनिया के तमाम देशों में बढ़ रहे ऊर्जा संकट के बीच आज तीन महत्वपूर्ण खबरें सुर्खियां बनी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान युद्ध को लेकर बड़ी राहत का ऐलान किया है। इसके तहत ट्रंप के ईरान पर हमले का प्लान एक बार फिर से टालने की घोषणा की है। साथ ही अमेरिका ने रूस से कच्चे तेल खरीदने पर लगे प्रतिबंधों में 30 दिनों की अस्थायी छूट देने की घोषणा की है। इस बीच भारत में पेट्रोलियम कंपनियों ने देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 90 पैसे प्रतिलीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया है।

रूस के तेल पर अमेरिका ने दी अस्थायी राहत

अमेरिका ने समुद्र में पहले से मौजूद (Stranded at sea) रूसी कच्चे तेल की खरीद पर प्रतिबंधों में 30 दिनों की अस्थायी छूट (General License No. 134C) बढ़ा दी है। अमेरिकी वित्त विभाग ने यह कदम मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति संकट को देखते हुए उठाया है। यह छूट मुख्य रूप से भारत और अन्य ऊर्जा-संवेदनशील देशों को सहायता देने के लिए किया गया है, जिससे उन्हें समुद्र में फंसे रूसी तेल तक अस्थायी पहुंच मिल सके।

भारत के लिए राहत भरा फैसला

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि यह कदम वैश्विक कच्चे तेल के बाजार को स्थिर करने और सबसे अधिक प्रभावित देशों तक तेल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। भारत के लिए ये बड़ी राहत की खबर है, क्योंकि वो रूसी तेल का बड़ा आयातक देश है। इस फैसले के बाद भारत रूसी तेल की खरीद को जारी रख सकेगा।

देश में फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

भारत में गहरा रहे तेल संकट को देखते हुए पेट्रोलियम कंपनियों ने देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 90 पैसे प्रतिलीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। हफ्तेभर के अंदर देश में दूसरी बार कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले पेट्रोल-डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ था। आज 19 मई को पेट्रोल के दाम में 87 पैसे और डीजल के दाम में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है। एक हफ्ते में भारत के पेट्रोल के दाम में 3.87 रुपये और डीजल के दाम में 3.91 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हो चुका है। एक तरफ जहां अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है तो वहीं भारत में तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

तेल कंपनियां दे रहीं घाटे का हवाला

कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल, नेचुरल गैस और एलपीजी की कीमतों में भारी उछाल की वजह से भारतीय तेल कंपनियों को लगातार घाटा हो रहा है। कंपनियों का घाटा बढ़कर रोजाना 1000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। हालांकि सरकार के एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये की कटौती की, लेकिन ये राहत भी तेल कंपनियों के बैलेंसशीट को संभाल नहीं पा रही थी। पेट्रोल - डीजल में पहले 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई, जिससे कंपनियों का घाटा 1000 करोड़ रुपये से घटकर 750 करोड़ रुपये प्रतिदिन पर पहुंच गया।

युद्ध का असर तेल कंपनियों पर भारी

"क्रिसल" के डेटा के मुताबिक एक्साइज ड्यूटी में कटौती और पेट्रोल-डीजल के दाम में ताजा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल पर घाटा कम होकर 10 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 13 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। युद्ध शुरू होने के बाद से तेल कंपनियों का घाटा 1 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। ऐसे में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाना तेल कंपनियों की मजबूरी है। बाजार जानकारों की माने अगर युद्ध पर स्थिति नहीं बदली तो आने वाले दिनों में तेल के दाम में और तेजी देखने को मिल सकती है।

ट्रंप ने टाला ईरान पर हमला

पश्चिम एशिया में अमेरिका - ईरान के बीच जारी समझौता वार्ता को अंजाम तक पहुंचाने के लिए उद्देश्य से अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान पर हमले को लेकर बड़ी राहत का ऐलान किया है। इसके तहत ट्रंप ने ईरान पर हमला टालने की घोषणा की है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद वो हमले का फैसला टाल रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि मिडिल ईस्ट के तीन सबसे शक्तिशाली देशों के व्यक्तिगत अनुरोध पर उन्होंने अमेरिकी सेना को हमले रोकने के निर्देश दिए हैं। इस ऐलान के बाद वैश्विक स्तर पर क्रूड की कीमतों में गिरावट आयी है। जो भारत सहित दुनिया के लिए बड़ी राहत की खबर है।

कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान युद्ध को लेकर किये ऐलान के बाद एक झटके में कच्चे तेल की कीमतों में 2.52 फीसदी से अधिक की गिरावट आ गई। ब्रेंट क्रूडल ऑयल के दाम में -2.52 डॉलर की बड़ी गिरावट आई और तेल 109.56 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। वहीं WTI ऑयल 102 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इससे भारत को कुछ राहत मिल सकती है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/12-rescued-after-fire-breaks-out-in-ghaziabad-apartment/206154

गाजियाबाद के दिशा अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, 12 लोग सुरक्षित बचाए गए