रुपये में ऐतिहासिक गिरावट के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में तीन दिनों की गिरावट पर आज ब्रेक लगा और सभी सेक्टर हरे निशान में नजर आये।
मुंबई। रुपये में ऐतिहासिक गिरावट के बावजूद भारतीय शेयर बाजार में तीन दिनों की गिरावट पर आज ब्रेक लगा और सभी सेक्टर हरे निशान में नजर आये। अमेरिकी फेडरल रिज़र्व द्वारा उम्मीद के मुताबिक ब्याज दर में 25-बेसिस-पॉइंट की कटौती का मार्केट में पाजिटिव असर दिखा। निवेशकों को उम्मीद है कि इस कदम से विदेशी निवेश के बाहर जाने पर रोक लगेगी। इस खबर के बाद बाजार में तेजी का रूख नजर आया।
222 अंकों की शुरुआती गिरावट के बाद हुई मजबूत रिकवरी
शेयर मार्केट में जबरदस्त उतार-चढ़ाव के बीच 222 अंकों की शुरुआती गिरावट के बाद मजबूत रिकवरी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 450 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 25,900 के पार पहुंच गया। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 427 प्वाइंट चढ़कर 84,818 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 141 प्वाइंट चढ़कर 25,899 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी 249 प्वाइंट चढ़कर 59,210 पर बंद हुआ।
0.79 फीसदी तक उछले बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स
ब्रॉडर मार्केट में भी खरीदारी लौटी। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स कारोबार के दौरान 0.79 फीसदी तक उछल गए। सबसे अधिक खरीदारी आईटी, ऑटो और रियल्टी शेयरों में देखने को मिली। BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 1.09 लाख करोड़ रुपये बढ़ा जिससे निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.09 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 466.62 लाख करोड़ रुपये पर पहुंत गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 464.08 लाख करोड़ रुपये रहा था।
आज चढ़ने वाले शीर्ष शेयर
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें इटरनल के शेयरों में 2.74 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और मारुति सुजुकी के शेयर 1.23 फीसदी से लेकर 2.56 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
आज गिरने वाले शीर्ष शेयर
सेंसेक्स के 9 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी एशियन पेंट्स का शेयर 0.96 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड और एक्सिस बैंक के शेयरों में 0.22 फीसदी से लेकर 0.96 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/rupee-again-at-all-time-low-against-dollar/100851
डालर के मुकाबले फिर ऑल-टाइम लो पर रुपया